हिमाचल प्रदेश

ऑनलाइन फ्रॉड का हुआ खुलासा, 11 लोग गिरफ्तार

Admin4
21 Jun 2023 10:55 AM GMT
ऑनलाइन फ्रॉड का हुआ खुलासा, 11 लोग गिरफ्तार
x
काँगड़ा। तकनीक के बढ़ते दौर में ऑनलाइन ठगियों के मामले भी जोर पकड़ रहे हैं। प्रतिदिन ही लोग देश-प्रदेश में ऑनलाइन ठगियों के शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला प्रदेश के काँगड़ा जिले में सामने आया है। इस मामले में बैंक अकाउंट ट्रांसेक्शन से जुड़े ऑनलाइन फ्रॉड का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में एक बड़े गिरोह का भी हाथ हो सकता है। फ़िलहाल इस मामले में 11 लोगों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इनमें कांगड़ा जिला के बैजनाथ-पपरोला से दो जबकि मोहाली से नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसके एक दोस्त ने धोखे से बैंक में उसका अकाउंट खुलवा दिया। उसके बाद उसे धोखे में रख कर उस खाते से अवैध तरीके से लाखो का लेनदेन होने लगा। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि उस खाते से 20 फरवरी से लेकर 30 अप्रैल तक 64 लाख 98 हजार से अधिक का लेन-देन हो चुका था। पुलिस ने जांच तेज की तो इस मामले का खुलासा हुआ।
इसके बाद पुलिस ने अलग अलग जगहों पर दबिश देनी शुरू की और 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वही आरोपियों के कब्जे से 13 लैपटॉप, 38 मोबाइल, 34 एटीएम कार्ड, 33 सिम कार्ड तथा एक जिओ फाइबर कनेक्शन बरामद किया है। इसके अलावा सात आधार कार्ड, आठ पैन कार्ड, तीन वोटर कार्ड और एक पासपोर्ट भी बरामद किया हैं। दबिश के दौरान पुलिस ने 27 चेक बुक तथा 34 पासबुक कब्जे में लिए। यह सभी सामान मोहाली से गिरफ्तार किये गए आरोपियों से बरामद हुआ है।
इसके साथ ही पुलिस अकाउंट होल्डर्स के साथ साथ बैंक कर्मियों पर भी पैनी नजर रख रही है। यह भी तहकीकात की जा रही है कि खाते के लेनदेन में बैंक कर्मियों का क्या रोल है।इस मामले को लेकर मंगलवार को एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए इस मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह मामला करोड़ों रुपए के लेनदेन का हो सकता है तथा इसमें देश के कई भागों से और लोगों की गिरफ्तारियां होने की भी पूरी संभावना है। उन्होंने कहा कि अभी पुलिस की जांच प्रथम चरण पर है पंरतु धीरे-धीरे जैसे ही इसकी जांच आगे बढ़ेगी इसमें कई बड़े खुलासे होंगे।
Next Story