हिमाचल प्रदेश

हिमाचल का एक ऐसा विधानसभा क्षेत्र जहा हैं दो-दो केंद्रीय विद्यालय, जानिए पूरी खबर

Admin Delhi 1
22 Jun 2022 12:11 PM GMT
हिमाचल का एक ऐसा विधानसभा क्षेत्र जहा हैं दो-दो केंद्रीय विद्यालय, जानिए पूरी खबर
x

मंडी न्यूज़ स्पेशल: मंडी जिला का धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र प्रदेश का इकलौता ऐसा क्षेत्र बन गया है जहां पर एक नहीं बल्कि दो-दो केंद्रीय विद्यालय मौजूद हैं। बीती 20 जून को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जहां संधोल में पहले से चल रहे केंद्रीय विद्यालय के भवन की आधारशिला रखी, वहीं धर्मपुर में नए केंद्रीय विद्यालय का भी विधिवत शुभारंभ किया।

इस शुभारंभ के साथ ही धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में दूसरे केंद्रीय विद्यालय का भी आगाज हो गया। हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह मीडिया प्रभारी रजत ठाकुर ने इसके लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, सीएम जयराम ठाकुर और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का आभार जताया है। रजत ठाकुर ने बताया कि संधोल में चल रहे केंद्रीय विद्यालय के भवन का निर्माण 25 करोड़ से किया जाएगा और यहां पर हर कक्षा में डबल सेक्शन के साथ जमा दो तक की कक्षाएं आरंभ होने जा रही हैं। संधोल में स्थित केंद्रीय विद्यालय का लाभ हमीरपुर और कांगड़ा जिला के लोगों को भी मिलेगा, क्योंकि इन जिलों का क्षेत्र संधोल के साथ लगता है। रजत ठाकुर ने बताया कि कभी संधोल को काला पानी कहा जाता था और यहां पर सुविधाओं का भारी अभाव था। लेकिन जब से महेंद्र सिंह ठाकुर ने धर्मपुर की बागडोर संभाली है, तभी से ही धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए-नए आयाम स्थापित हुए हैं।

केंद्रीय विद्यालयों को खुलवाने में भी महेंद्र सिंह ठाकुर का ही योगदान है। इन विद्यालयों में सीबीएसई पैट्रन पर पढ़ाई होती है और यहां के बच्चों को अब इनमें शिक्षा ग्रहण करने के बाद अपने उज्जवल भविष्य की कोई चिंता नहीं सताएगी।

Next Story