हिमाचल प्रदेश

21 जून के दिन प्रदेश की पंचायतों में प्रधान करवाएंगे योग: आयुष विभाग

Admin Delhi 1
17 Jun 2022 11:51 AM GMT
21 जून के दिन प्रदेश की पंचायतों में प्रधान करवाएंगे योग: आयुष विभाग
x

शिमला: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर 21 जून को लोगों से योग क्रियाएं करवाने के लिए पंचायतों की ड्यूटी लगाई गई है। आयुष विभाग ने पंचायत प्रधानों को कहा है कि वे लोगों को योग के लिए प्रेरित करें और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए ऐसे स्थान जैसे प्राचीन स्मारक, पर्यटन स्थल, झील के पास आदि की पहचान की जाए, जहां बड़ी संख्या में लोग भाग ले सकते हैं। इसी कड़ी में आयुष विभाग ने अपने अधीन सभी आयुर्वेदिक चिकित्सकों के माध्यम से प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों के प्रधानों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पहुंचाया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 6:40 बजे देश को संबोधित करेंगे और सात बजे सामान्य योग प्रोटोकॉल की शुरुआत मंत्रोच्चारण के साथ आरंभ होगी और 7:45 बजे के पश्चात राष्ट्रगान के साथ संपन्न होगी। आयुष मंत्रालय द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाता आ रहा है।

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन कर रहा है। इस वर्ष 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आजादी का अमृत महोत्सव के वर्ष में पड़ रहा है। आयुष मंत्रालय ने विश्व स्तर पर ब्रांड इंडिया की अवधारणा पर ध्यान केंद्रित करते हुए देश भर में 75 प्रतिष्ठित स्थलों ऐतिहासिक विरासत पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन करने की योजना बनाई है। ब्रांडिंग इंडिया पर ध्यान केंद्रित करते हुए इस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए पूरे भारत में 25 करोड़ प्रतिभागियों का इस महत्त्वाकांक्षी लक्ष्य तक पहुंचने के लिए प्रत्येक राज्य-केंद्र शासित प्रदेश सरकार से समर्थन मांगा गया है।

आयुष विभाग हिमाचल प्रदेश सरकार का नोडल विभाग होने के नाते स्तर पर अपने 27 आयुर्वेदिक अस्पतालों में और 1185 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र स्थानों के अलावा सार्वजनिक महत्त्व के 120 स्थानों पर राज्य भर में सभी हितधारकों के सक्रिय सहयोग से उत्सव के लिए विस्तृत व्यवस्था की है। हिमाचल प्रदेश सरकार के आयुष विभाग द्वारा बैठकों की शृंखला की गई व पहली मई, 2022 से पूर्व योग गतिविधियों का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें अभी छठे सप्ताह के अंत 268000 प्रतिभागी लाभन्वित किए गए। (एचडीएम)

चार केंद्रीय मंत्री आएंगे हिमाचल: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर केंद्र के चार मंत्री हिमाचल प्रदेश को योग करवाने आएंगे। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्य खेल मंत्री नितिश प्रमाणिक, राज्य वित्त मंत्री भागवत कृष्णराव कराड हिमाचल आएंगे। अनुराग ठाकुर सुजानपुर के टीहरा के कटौज पैलेस से योग करवाएंगे। धर्मेंद्र प्रधान कांगड़ा किला, पराशर झील से कराड और अटल टनल से प्रमाणिक लोगों को योग करवाएंगे।

निदेशक ने जांची तैयारियां: निदेशक आयुष विभाग द्वारा सभी जिलों में तैयारियों का जायजा लिया गया तथा विस्तृत रूप रेखा तैयार की गई है। आयुष मंत्रालय द्वारा चिन्हित किए गए चार प्रतिष्ठित स्थानों, आयुष विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा चिन्हित 120 से अधिक स्थानों एवं 34 अस्पतालों तथा 1185 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भारत सरकार के 25 करोड़ प्रतिभागियों के महत्त्वाकांक्षी लक्ष्य तक पहुंचने में प्रदेश की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

Next Story