हिमाचल प्रदेश

वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दें अधिकारी : सुनील शर्मा बिट्टू

Admindelhi1
1 Oct 2026 6:35 PM IST
वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दें अधिकारी : सुनील शर्मा बिट्टू
x
बुजुर्गों की सुविधा और कल्याण को प्राथमिकता दें अधिकारी : बिट्टू

हमीरपुर: अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य पर वीरवार को यहां एनजीओ भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि बुजुर्ग किसी भी समाज और परिवार के आधार होते हैं। उनके परिश्रम, त्याग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही हम जीवन में आगे बढ़ते हैं। इनके पास जीवन का अनुभव होता है और जो व्यक्ति बुजुर्गों का अनुसरण करता है, वह जीवन में कभी भी पीछे नहीं रहता है। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि घर में बुजुर्गों का साया और आशीर्वाद हमें एक ऐसा अदृश्य कवच प्रदान करता है, जिसका पता हमें बुजुर्गों के इस संसार से चले जाने के बाद होता है। इसलिए, बुजुर्गों का सम्मान करना और उम्र के आखिरी पड़ाव में उनकी हर जरुरत का ख्याल रखना हमारा प्रथम कर्तव्य है।

सुनील शर्मा बिट्टू ने सभी चिकित्सकों, प्रशासनिक, पुलिस और अन्य सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे बुजुर्गों से संबंधित सभी सेवाओं एवं कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि वे अपने सुझाव अवश्य साझा करें। उनके महत्वपूर्ण सुझावों को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हमेशा वरिष्ठ नागरिकों के सुझावों को सरकारी व्यवस्था में शामिल करने का प्रयास करते हैं।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कार्यक्रम में उपस्थित सबसे उम्रदराज वरिष्ठ नागरिकों 102 वर्षीय रोशन लाल पहलवान, 101 वर्षीय ख्याली राम, 94 वर्षीय रोशन लाल ‘उदास’ और 91 वर्षीय प्रेम दास सोनी को सम्मानित भी किया। उन्होंने सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों प्रकाश चंद सेन, जुगल किशोर, आरसी डोगरा और हेमराज को भी सम्मानित किया।

इससे पहले, जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने सभी का स्वागत किया तथा अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के इतिहास एवं विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। एसपी बलवीर सिंह ने बुजुर्गों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ-साथ साईबर अपराध और नशे की समस्या पर कई अहम जानकारियां साझा कीं।

Next Story