हिमाचल प्रदेश

करसोग में एक 56 वर्षीय व्यक्ति की आग में झुलसने की खबर

Admin Delhi 1
21 July 2022 9:41 AM GMT
करसोग में एक 56 वर्षीय व्यक्ति की आग में झुलसने की खबर
x

सिटी न्यूज़: मंडी जिला के करसोग उपमंडल में एक व्यक्ति के आग में झुलसने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। करसोग मुख्यालय के समीप न्यारा गांव में वीरवार सुबह दूनी चंद पुत्र वीर सिंह गांव लटाग डाकखाना रुमनी तहसील थुनाग का रहने वाला व्यक्ति गैस से फैली आग में बुरी तरह झुलस गया।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात को कमरे में सोने के बाद दूनी चंद ने सुबह सो कर उठते ही गैस जलाने के लिए माचिस की तिल्ली जलाई तो कमरे में एक दम से आग फैल गई। इस दौरान दुनी चंद आग में झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गया। कमरे में लगे खिड़कियों के शीशे भी टूट कर बिखर गए। स्थानीय लोगों ने व्यक्ति को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल करसोग पहुंचाया, लेकिन व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे शिमला स्थित आईजीएमसी रैफर कर दिया। इसकी सूचना दुनी चंद के परिवार के सदस्यों को भी दी गई। बताया जा रहा है कि दुनी चंद करसोग में कैंटीन चलाता है। व्यक्ति ने गैस एजेंसी के समीप ही एक मकान में कमरा किराए पर लिया है। हादसे की सूचना तुंरत प्रभाव से थाना करसोग को दी गई। थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने मामले की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ खुद स्पॉट पर पहुंची। जहां पाया गया कि गैस लीक होने की वजह से कमरे में फैली आग में दुनी चंद नाम का व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गया है। जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल करसोग ले जाया गया। लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उक्त व्यक्ति को आईजीएमसी रैफर किया गया है। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी करसोग गीतांजलि ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले में जांच की जा रही है।

Next Story