हिमाचल प्रदेश

हिमाचल भाजपा के नए अध्यक्ष मिले, डॉ. राजीव बिंदल को मिली जिम्मेदारी

Admin Delhi 1
24 April 2023 2:30 PM GMT
हिमाचल भाजपा के नए अध्यक्ष मिले, डॉ. राजीव बिंदल को मिली जिम्मेदारी
x

शिमला न्यूज़: हिमाचल प्रदेश बीजेपी को नया अध्यक्ष मिल गया है. 5 बार विधायक रहे डॉ. राजीव बिंदल को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. वहीं सिद्धार्थन को प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। दोनों की नियुक्ति को लेकर पत्र पार्टी को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जारी किया है.

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष की कमान सुरेश कश्यप संभाल रहे थे। वही महासचिव पवन राणा थे, जिन्हें अब दिल्ली बीजेपी का संगठन महासचिव नियुक्त किया गया है. वहीं, 3 साल के भीतर दूसरी बार बिंदल को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। इससे पहले जनवरी 2020 में बिंदल को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी।

भ्रष्टाचार के मामले में फंसे, पद छोड़ा

पिछली बार बिंदल ने प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष का पद छोड़ा था, लेकिन अपनी नियुक्ति के साढ़े 4 महीने के भीतर ही राजीव बिंदल ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. बिंदल ने स्वास्थ्य विभाग में उपकरणों की खरीद से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में नाम आने के बाद पद से इस्तीफा दे दिया था. हालांकि, बाद में उन्हें राज्य सरकार से क्लीन चिट मिल गई थी।

बिंदल धूमल सरकार में मंत्री भी बने

भाजपा के सबसे गतिशील नेताओं में से एक राजीव बिंदल का जन्म वर्ष 1955 में सोलन जिले में हुआ था। उन्होंने 1995 में पहली बार राजनीति में प्रवेश किया। पहली बार साल 2000 में सोलन से विधानसभा का चुनाव लड़ा और जीते भी। साल 2003 और 2007 में लगातार चुनाव जीतकर तीसरी बार विधानसभा पहुंचे। धूमल सरकार में वे स्वास्थ्य मंत्री बने।

सोलन विधानसभा क्षेत्र वर्ष 2012 में आरक्षित हुआ था। इसके बाद बिंदल सिरमौर जिले के नाहन से चुनाव लड़े और विधानसभा पहुंचे। साल 2017 में उन्होंने नाहन से दोबारा चुनाव जीता। साल 2017 में बिंदल नाहन से ही 5वीं बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे. उन्हें 2017 में ही हिमाचल विधानसभा का अध्यक्ष बना दिया गया था, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा।

Next Story