हिमाचल प्रदेश

Narnaul: दस दिन चला ‘ज्ञान’ पाठ्यक्रम, हकेवि में हुआ समापन

Admindelhi1
18 Oct 2025 9:17 AM IST
Narnaul: दस दिन चला ‘ज्ञान’ पाठ्यक्रम, हकेवि में हुआ समापन
x

नारनाैल: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) महेंद्रगढ़ के पोषण जीव विज्ञान विभाग द्वारा ‘खाद्य सुरक्षा, पोषण एवं नवाचार’ विषय पर आयोजित 10 दिवसीय ‘ज्ञान’ (ग्लोबल इनिशिएटिव ऑफ अकादमिक नेटवर्क्स) पाठ्यक्रम शुक्रवार को विधिवत संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम स्कूल ऑफ इंटरडिसिप्लिनरी एंड एप्लाइड साइंसेज के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो टंकेशवर कुमार ने की। इस मौके पर समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा, कुल सचिव प्रो. सुनील कुमार, शोध अधिष्ठाता प्रो. नीलम सांगवान तथा पुर्तगाल के लुसोफोन यूनिवर्सिटी ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड टेक्नोलॉजीज, लिस्बन के डॉ एंटोनियो रापोसो भी मौजूद रहे।

डॉ तेजपाल ढेवा ने दस दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि दस दिवसीय इस आयोजन में देशभर से आए 57 प्रतिभागियों ने 24 व्याख्यान, आठ ट्यूटोरियल और दो प्रायोगिक सत्रों में प्रतिभागिता की। आयोजन में प्रतिभागियों ने एक खाद्य उद्योग इकाई का भी भ्रमण किया। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ डॉ रापोसो ने वैश्विक स्तर पर खाद्य सुरक्षा एवं पोषण से जुड़ी नीतियों एवं चुनौतियों पर मूल्यवान जानकारी साझा की। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यावहारिक प्रासंगिकता की सराहना की।

विश्वविद्यालय कुलपति प्रो टंकेशवर कुमार ने विभाग एवं विशेषज्ञों की प्रशंसा करते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा और पोषण जागरूकता आज की वैश्विक आवश्यकता है। राष्ट्रीय पोषण माह की संयोजक डॉ विद्युल्लता पेडिरेड्डी ने पोषण माह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें विश्वविद्यालय के पोषण जागरूकता प्रसार हेतु किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया गया। इस मौके पर प्रो कांती प्रकाश, प्रो रूपेश देशमुख, डॉ सविता बुधवार एवं डॉ अनीता कुमारी सहित विभिन्न संकाय सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी की।

Next Story