हिमाचल प्रदेश

जिला स्तरीय रंगोत्सव में नारग स्कूल का जलवा, छात्र रुद्र ने जीता पहला स्थान

Admindelhi1
19 Nov 2026 12:18 PM IST
जिला स्तरीय रंगोत्सव में नारग स्कूल का जलवा, छात्र रुद्र ने जीता पहला स्थान
x
'प्यारा हिमाचल' पेंटिंग से रुद्र ने मारी बाजी, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

नाहन: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में आयोजित जिला स्तरीय रंगोत्सव प्रतियोगिता में पीएम श्री पंडित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। नाहन स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के आठवीं कक्षा के छात्र रुद्र ने पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं छठी कक्षा की छात्राओं शिवांशी और शिवन्या ने रंगोली प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

रंगोत्सव के दौरान छात्र रुद्र ने 'प्यारा हिमाचल' शीर्षक से आकर्षक पेंटिंग तैयार की। अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक प्रस्तुति के दम पर उन्होंने प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया।

इस उपलब्धि के साथ रुद्र का चयन राज्य स्तरीय रंगोत्सव प्रतियोगिता के लिए हुआ है। आगामी दिनों में हमीरपुर में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में वह सिरमौर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

वहीं, विद्यालय की छठी कक्षा की छात्राओं शिवांशी और शिवन्या ने प्राकृतिक सामग्री का उपयोग कर सुंदर जैविक रंगोली बनाई। विशेष बात यह रही कि छात्राओं ने बिना किसी आर्थिक खर्च यानी जीरो इन्वेस्टमेंट के आधार पर रंगोली तैयार की।

प्राकृतिक सामग्री से बनाई गई यह रंगोली प्रतियोगिता में आकर्षण का केंद्र रही। छात्राओं की रचनात्मक सोच और पर्यावरण के अनुकूल प्रस्तुति को सराहना मिली।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जय प्रकाश और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अरुण पंवर ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने रुद्र, शिवांशी और शिवन्या सहित विद्यालय परिवार को बधाई दी।

इसके साथ ही उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित छात्र रुद्र को शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

जिला स्तरीय रंगोत्सव में विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय की कलात्मक और रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिला है।

Next Story