हिमाचल प्रदेश

Nahan: पिकअप जीप खाई में गिरी, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Admindelhi1
15 July 2026 9:56 AM IST
Nahan: पिकअप जीप खाई में गिरी, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
x

नाहन: जिला सिरमौर में हरिपुरधार-बढ़ोल सड़क पर मंगलवार दोपहर बाद एक बड़ा हादसा टल गया, जहां ब्रेक फेल होने से पिकअप जीप करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा जामना गांव के समीप पेश आया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं। वहीं वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार पिकअप जीप हरिपुरधार से शटरिंग लेकर जामना गांव की ओर जा रही थी। जामना के समीप अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक का वाहन से नियंत्रण खत्म हो गया। अनियंत्रित जीप सड़क से नीचे करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे के दौरान चालक कपिल ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, उसे हल्की चोटें आईं हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरिपुरधार पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि चालक समय रहते वाहन से बाहर नहीं कूदता तो हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। गनीमत ये भी रही कि वाहन के अनियंत्रित होने और खाई में कूदने के दौरान कोई अन्य इसकी चपेट में नहीं आया।

Next Story