हिमाचल प्रदेश

Nahan: नाहन ओपन जेल से हत्या के आरोपी बंदी हुआ फरार

Admindelhi1
8 Nov 2025 5:08 PM IST
Nahan: नाहन ओपन जेल से हत्या के आरोपी बंदी हुआ फरार
x

नाहन: हिमाचल प्रदेश की नाहन जेल एक बार फिर चर्चा में है। यहां आजीवन कारावास की सजा काट रहा 65 वर्षीय एक बंदी ओपन जेल से फरार हो गया है। इस घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस व जेल की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। फिलहाल, कई घंटे बीत जाने के बाद भी कैदी का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

जानकारी के अनुसार जेल से फरार हरियाणा के शाहबाद निवासी हरीश कुमार हत्या के एक मामले में 20 साल की सजा काट चुका है। हैरान करने वाली बात यह है कि उसके अच्छे व्यवहार के चलते लंबे समय से उसे ओपन जेल में रखा गया था। पिछले 6 माह से उसे मंदिर की देखरेख, पूजा अर्चना और साफ-सफाई का काम सौंपा गया था। इस बीच गत वीरवार की शाम वह मंदिर से फरार हो गया। इसकी भनक तब जेल प्रशासन को लगी जब रोल कॉल के दौरान वह जेल से गैरहाजिर पाया गया। जिस दिन ये कैदी फरार हुआ जेल अधीक्षक भी छुट्टी पर थे। लिहाजा, पुलिस को तुरंत इस घटना की जानकारी दी गई।

सूत्रों के अनुसार कैदी हरीश की पेरोल भी मंजूर हो चुकी थी। यहां तक की इस बंदी की प्रीमेच्योर रिहाई की फाइल भी लगी हुई थी। इसके बावजूद उसने फरार होने जैसा कदम उठाया।

जानकारी मिली है कि हरीश को सांस की गंभीर समस्या है, जिसकी वजह से वह ज्यादा चल-फिर भी नहीं सकता और उसका लगातार उपचार भी चल रहा था।

जेल अधीक्षक भानु प्रकाश शर्मा ने कैदी के फरार होने की पुष्टि की है। कैदी का आचरण काफी अच्छा था। इस वजह से उसे ओपन जेल में मंदिर में पूजा पाठ और साफ सफाई का काम सौंपा गया था। जेल प्रशासन और पुलिस टीमें लगातार फरार कैदी की तलाश में जुटी है।

Next Story