हिमाचल प्रदेश

Nahan: टिक्कर खाला में लैंडस्लाइड, सड़क बंद होने से लोगों की परेशानी बढ़ी

Admindelhi1
10 July 2026 10:31 AM IST
Nahan: टिक्कर खाला में लैंडस्लाइड, सड़क बंद होने से लोगों की परेशानी बढ़ी
x

नाहन: जिला सिरमौर में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब सड़कों पर साफ दिखाई देने लगा है। ताजा मामला शिलाई क्षेत्र के टिक्कर खाला का है, जहां तेज बारिश के चलते भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। हालात ऐसे हो गए कि सड़क का नामोनिशान तक मिट गया और यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया।

मलबा सड़क पर आने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों ने घटनास्थल के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं, जिनमें सड़क पूरी तरह मलबे से ढकी हुई दिखाई दे रही है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्रवासियों और यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और अत्यंत सावधानी बरतें। उनका कहना है कि यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो क्षेत्र की अन्य सड़कें भी बंद हो सकती हैं।

उधर, लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने भी एडवाइजरी जारी की है। एहतियात के तौर पर शुक्रवार को पांवटा साहिब उपमंडल के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Next Story