हिमाचल प्रदेश

Nahan: शीतला सप्तमी पर नाहन में भक्तों ने अर्पित किया विशेष प्रसाद

Admindelhi1
10 March 2026 4:38 PM IST
Nahan: शीतला सप्तमी पर नाहन में भक्तों ने अर्पित किया विशेष प्रसाद
x

नाहन: मंगलवार को शीतला माता सप्तमी के अवसर पर जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर माता की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की है। सुबह से ही शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

नाहन में प्राचीन काल से चली आ रही परंपरा के अनुसार होली के बाद आने वाले मंगलवार को शीतला माता के दर्शन किए जाते हैं। इस अवसर पर विशेष रूप से रात को बनाया गया प्रसाद जैसे गुलगुले, मीठे चावल, पूरी तथा जल माता को अर्पित किया जाता है। इसी परंपरा के कारण इस दिन को ‘बासोड़ा’ या ‘बासड़े’ के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि रात को बनाया गया प्रसाद सुबह माता को चढ़ाया जाता है।

एक मान्यता यह भी है कि इस दिन के बाद बासा भोजन खराब होना शुरू हो जाता है, इसलिए इस दिन विशेष रूप से बासी प्रसाद माता को अर्पित किया जाता है।

मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची श्रद्धालु सीमा वर्मा ने बताया कि वह हर वर्ष होली के बाद आने वाले मंगलवार को माता के दरबार में शीश नवाकर अपने परिवार और बच्चों की सुख-समृद्धि तथा अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं।

अन्य श्रद्धालुओं ने बताया कि नाहन में प्राचीन समय से चली आ रही यह परंपरा आज भी पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। नगर के लोग अपने परिवार की खुशहाली, समृद्धि और गर्मी के मौसम में होने वाले रोगों से बचाव की कामना के साथ माता के दरबार में पहुंचकर विशेष प्रसाद और जल अर्पित करते हैं।

Next Story