हिमाचल प्रदेश

Nahan: सराहां में मुख्यमंत्री ने भाजपा पर साधा निशाना

Admindelhi1
15 Feb 2026 12:51 PM IST
Nahan: सराहां में मुख्यमंत्री ने भाजपा पर साधा निशाना
x

नाहन: हिमाचल निर्माता और प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार की गृह भूमि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहां में मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कई अहम घोषणाएं कीं। करीब 40 मिनट तक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जिला सिरमौर के किसानों की लंबे समय से चली आ रही अदरक के समर्थन मूल्य की मांग को आगामी बजट में पूरा करने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल सराहां को 100 बिस्तरों में उन्नत करने, चिकित्सकों के पद सृजित करने और अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा केवल सत्ता प्राप्त करने पर केंद्रित है और जनता के मुद्दों की चिंता नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल में आयोजित आरजेडी बैठक में अन्य दलों ने कांग्रेस का समर्थन किया, जबकि भाजपा वहां से बाहर चली गई।

मुख्यमंत्री ने आपदा राहत को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की और कहा कि कठिन समय में केवल घोषणाएं की गईं, लेकिन अपेक्षित सहायता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. परमार की सोच गांवों के विकास और किसानों की मजबूती पर आधारित थी और उनकी सरकार भी उसी दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने पहले ही दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की है और अब अदरक का समर्थन मूल्य तय करने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान की व्यवस्था पहले विशेष अनुदान के रूप में थी, जिसे बाद में राजस्व घाटा अनुदान का नाम दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार प्रदेश की कांग्रेस सरकार को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन राज्य सरकार जनता के हितों के लिए काम करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के हित सर्वोपरि हैं और सरकार किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए नीतिगत फैसले लेती रहेगी। मुख्यमंत्री के इस दौरे और घोषणाओं को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है।

Next Story