हिमाचल प्रदेश

Nahan: टौंस नदी हादसे में बोलेरो समाई, चालक की तलाश जारी

Admindelhi1
20 May 2026 4:12 PM IST
Nahan: टौंस नदी हादसे में बोलेरो समाई, चालक की तलाश जारी
x

नाहन: जनपद देहरादून के थाना त्यूणी क्षेत्र के अंतर्गत तहसील चकराता के सैंज-पाटन के बीच मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। हिमाचल नंबर की एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 150 से 200 फीट गहरी खाई में गिरते हुए उफनती टौंस नदी में समा गई। हादसे के बाद से वाहन चालक सहित उसमें सवार संभावित अन्य लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण संयुक्त रूप से नदी के तेज बहाव के बीच बड़े पैमाने पर राहत एवं खोज अभियान चला रहे हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह लगभग 9:30 बजे मिनस बैरियर पर तैनात कर्मचारी आकाश ने त्यूणी थाना पुलिस को सूचना दी कि सैंज-पाटन के बीच एक बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सीधे नदी में जा गिरा है। सूचना मिलते ही थाना त्यूणी प्रभारी निरीक्षक अश्वनी बलूनी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम को भी तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया।

घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन की पहचान बोलेरो संख्या HP85AA-0548 के रूप में हुई है। इस बदनसीब वाहन को खुशीराम (उम्र लगभग 45 वर्ष) पुत्र लायक राम, निवासी ग्राम चियोग, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) चला रहे थे। खुशीराम पेशे से ठेकेदार थे और मंगलवार सुबह ही अपने घर से चौपाल-मड़ोग (हिमाचल प्रदेश) की ओर काम के सिलसिले में जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सैंज-पाटन के पास तीखे मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और पलक झपकते ही गहरी खाई को चीरते हुए टौंस नदी में जा गिरा। पुलिस को अंदेशा है कि ठेकेदार खुशीराम के अलावा गाड़ी में कुछ मजदूर भी सवार हो सकते थे, हालांकि देर शाम तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई थी।

हादसे की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों और हिमाचल में पीड़ित परिवार को दे दी गई है। उत्तराखंड पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण नदी किनारे तथा उसके आसपास के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि हादसे या किसी शव के बहने से संबंधित कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित करें। इस दर्दनाक हादसे के बाद सिरमौर के कमरऊ क्षेत्र और घटनास्थल के आसपास के इलाकों में गहरा शोक और चिंता का माहौल है।

Next Story