हिमाचल प्रदेश

Nahan: मानसून से पहले सड़क मरम्मत की मांग, बलदेव तोमर का सरकार पर निशाना

Admindelhi1
8 July 2026 2:42 PM IST
Nahan: मानसून से पहले सड़क मरम्मत की मांग, बलदेव तोमर का सरकार पर निशाना
x
बलदेव तोमर बोले- मानसून से पहले सड़क बहाली जरूरी

नाहन: हिमाचल प्रदेश में मानसून के सक्रिय होते ही जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर सड़क संपर्क बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। क्षेत्र के कई संवेदनशील स्थानों पर हल्की बारिश के बाद ही मलबा और पत्थर सड़कों पर आ जाते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने मंगलवार काे पत्रकारों से बातचीत में कहा कि टिक्कर खाला और अबोन खड़ ऐसे संवेदनशील स्थान हैं, जहां हर वर्ष बारिश के दौरान भारी मात्रा में मलबा सड़कों पर आ जाता है और सड़क का नामोनिशान तक मिट जाता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अभी तक स्थायी और प्रभावी व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। बरसात के दौरान बार-बार मलबा आने से यातायात बाधित हो जाता है। कई स्थानों पर सड़कें घंटों बंद रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों, मरीजों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को दो-दो घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ती है।

बलदेव तोमर ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की कि जिन स्थानों पर हर वर्ष मलबा आने की समस्या रहती है, वहां मानसून के दौरान पहले से ही जेसीबी और अन्य मशीनों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़कें जल्द से जल्द बहाल हो सकें और लोगों को राहत मिले। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक प्रबंध नहीं किए गए तो लगातार हो रही बारिश के बीच ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आने वाले दिनों में और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

Next Story