हिमाचल प्रदेश

Nahan: नाहन में तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

Admindelhi1
13 Aug 2026 6:12 PM IST
Nahan: नाहन में तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर
x
तिरंगा यात्रा से देशभक्ति के रंग में रंगा नाहन, जगह-जगह गूंजे जयकारे

नाहन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अगुवाई में गुरुवार को नाहन में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ पंचायत प्रतिनिधियों, नगर पार्षदों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हिन्दू आश्रम नाहन से हुआ, जबकि इसका समापन शहीद स्मारक स्थल पर किया गया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग देशभक्ति के रंग में रंगा रहा। कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज हमारा दायित्व है कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान दें।

डॉ. बिंदल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के माध्यम से प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति गौरव, सम्मान और समर्पण की भावना को मजबूत किया जा रहा है। नाहन में तिरंगा यात्रा के दौरान उमड़ा उत्साह इस बात का प्रमाण है कि राष्ट्रभक्ति की भावना समाज के हर वर्ग में गहराई से विद्यमान है।

उन्होंने कहा कि शुक्रवार से सभी भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएंगे और इसकी सेल्फी भी अपलोड करेंगे।

Next Story