- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- हिमाचल में प्रचार के...
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल में प्रचार के लिए आए कांग्रेस नेताओं सेे 60 वर्षों का हिसाब जरूर मांगें : अमित शाह
Shantanu Roy
3 Nov 2022 9:15 AM GMT

x
धर्मशाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म भले ही गुजरात में हुआ लेकिन वे हिमाचल के हैं। उनकी कर्मभूमि हिमाचल रही है जिसके चलते उनका लगाव इस राज्य से ज्यादा है। प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद से बिन मांगे ही हिमाचल को सब कुछ दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के स्टार प्रचारक अमित शाह ने बुधवार को धर्मशाला, नादौन व नालागढ़ में विजय संकल्प अभियान के तहत आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल में कांग्रेस चुनाव प्रचार में राहुल गांधी नहीं आएंगे क्योंकि वह अपनी पद यात्रा में व्यस्त हैं लेकिन कांग्रेस के जो भी नेता प्रचार के लिए आएं उनसे 60 वर्षों का हिसाब जनता जरूर मांगें। कांग्रेस ने जवाहर लाल नेहरू से लेकर सोनिया-मनमोहन की सरकार तक राज किया। इस कार्यकाल के दौरान विकास और जनता के हित में लिए गए निर्णयों का हिसाब कांग्रेस को देना चाहिए।
हिमाचल देवभूमि ही नहीं बल्कि वीरभूमि भी है
अमित शाह ने कहा कि हिमाचल देवभूमि ही नहीं बल्कि वीरभूमि भी है। इतना ही नहीं, सेना का ऐसा कोई चक्र नहीं है, जिसमें हिमाचल के वीरों के नाम न हों। शाह ने कहा कि हिमाचल के युवा जिस काम में डट जाते हैं, चाहे वो आजादी का बिगुल रहा हो या देश की सरहदों की रक्षा करना, इनसे कभी भी पीठ नहीं दिखाई है। कांग्रेस राज में आए दिन घोटाले होते थे जबकि पीएम नरेंद्र मोदी वाली भाजपा सरकार में घोटाले ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में 10 साल तक सोनिया-मनमोहन की सरकार रही, उस दौरान हमारे सैनिकों के सिर काटे गए। वर्ष 2014 में भाजपा की सरकार आने पर पाकिस्तान ने फिर वही हरकतें शुरू करते हुए उड़ी और पुलवामा में हमले किए, उसके 10 दिन बाद ही केंद्र भाजपा सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक करवाकर सैनिकों की शहादत का बदला लिया।
नादौन में सुक्खू पर साधा निशाना, कहा-आप मुख्यमंत्री नहीं बनोगे
कांग्रेस ने कुछ एक सीटें जीतने के लिए 8-10 सीटों पर सबको कहा कि जाओ तुम मुख्यमंत्री हो। यहां भी एक मुख्यमंत्री घूम रहे हैं उनको मालूम नहीं कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री आप नहीं बनोगे। यहां तो मुख्यमंत्री बनने के लिए किसी का बेटा या बेटी होना पड़ता है। जो आप नहीं हो आपका नंबर नहीं लग सकता यह तो कांग्रेस राजा-रानियों की पार्टी है। आपका नंबर नहीं लगेगा खाहमखाह नादौन वालों को क्यों सहला रहे हो।
शाह नहीं, जनता तय करेगी मुख्यमंत्री : सुक्खू
उधर, कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि अमित शाह नहीं हिमाचल की जनता व कांग्रेस हाईकमान तय करेगी कि कौन हिमाचल का मुख्यमंत्री बनेगा। उन्होंने कहा कि आज जन विरोधी निर्णयों पर बोलने की बजाए केंद्रीय गृहमंत्री को सुक्खू के मुख्यमंत्री न बनाने के बारे बोलना पड़ रहा है। हमीरपुर से मुख्यमंत्री का गौरव छीनने वाले लोग नहीं बताएंगे कि कौन हिमाचल का मुख्यमंत्री बनेगा।
Next Story