हिमाचल प्रदेश

आईजीएमसी के एमएस ने अंगदान की शपथ लेकर मनाया जन्मदिन

Shantanu Roy
12 May 2023 9:26 AM GMT
आईजीएमसी के एमएस ने अंगदान की शपथ लेकर मनाया जन्मदिन
x
शिमला। अपने जन्मदिन के मौके पर अंगदान की शपथ लेते हुए आईजीएमसी के एमएस डाॅ. राहुल राव ने लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अंगदान के लिए कोई भी व्यक्ति सोटो हिमाचल की वैबसाइट पर जाकर अपनी रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। उन्होंने कहा कि लोग मृत्यु के बाद भी अपने अंगदान करके जरूरतमंद का जीवन बचा सकते हैं। अंगदान करने वाला व्यक्ति ऑर्गन के जरिए 8 लोगों का जीवन बचा सकता है। किसी व्यक्ति की ब्रेन डैथ की पुष्टि होने के बाद डाॅक्टर उसके घरवालों की इच्छा से शरीर से अंग निकाल पाते हैं। इससे पहले सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं। इस प्रक्रिया को एक निश्चित समय के भीतर पूरा करना होता है।
ज्यादा समय होने पर अंग खराब होने शुरू हो जाते हैं। डाॅ. राहुल राव ने बताया कि देश में प्रतिदिन प्रत्येक 17 मिनट में एक मरीज ट्रांसप्लांट का इंतजार करता हुआ जिंदगी से हाथ धो बैठता है। एक व्यक्ति जिसकी उम्र कम से कम 18 वर्ष हो वह स्वैच्छिक रूप से अपने करीबी रिश्तेदारों को देश के कानून व नियमों के दायरे में रहकर अंगदान कर सकता है। अंगदान एक महान कार्य है जो हमें मृत्यु के बाद कई जिंदगियां बचाने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि अंगदान के संबंधित सही जानकारी व भ्रम होने की वजह से अधिकतर लोग अंगदान करने से पीछे हट जाते हैं। इसीलिए यदि लोगों में पहले से अंगदान को लेकर पर्याप्त जानकारी होगी, तभी ऐसे मौके जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो सकते हैं।
Next Story