हिमाचल प्रदेश

मॉनसून ने छह दिन में उजाड़े 44 आशियाने

Sonam
30 Jun 2023 5:27 AM GMT
मॉनसून ने छह दिन में उजाड़े 44 आशियाने
x

दिल्ली : हिमाचल प्रदेश में मॉनसून का कहर जारी है। मॉनसून को आए हिमाचल प्रदेश को एक की सप्ताह का समय हुआ है, लेकिन एक सप्ताह में हिमाचल प्रदेश में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में सिर्फ छह दिनों में 44 आशियाने उजड़ गए हैं। इनमें से पांच कच्चे मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए है, जबकि पांच पक्के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा 34 कच्चे मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। ऐसे में प्रदेश के सैकड़ों लोगों को मॉनसून के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में छह दिनों के अंदर 219 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। जलशक्ति विभाग को सबसे ज्यादा 100.97 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को 90.50 करोड़ का नुकसान हुआ है। बागबानी विभाग को 26.22 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं प्रदेश में 20 लोगों की मॉनसून के कारण मौत हो गई है।

इनमें छह लोगों की मौत डूबने के कारण हुई है। वहीं एक व्यक्ति की मौत भू-स्खलन के कारण हुई है। तीन लोगों की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है। नौ लोगों की मौत सडक़ हादसे में हुई है। इसके अलावा एक व्यक्ति की मौत अज्ञात कारण से हुई है। मॉनसून के मद्देनजर प्रदेश सरकार की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। प्रदेश सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी में नदी-नालों का जलस्तर बढऩे को लेकर लोगों से आह्वान किया कि वह नदी-नालों के पास न जाएं और इससे दूर रहें। सरकार मॉनसून से हुए नुकसान को लेकर भी चिंतित है और लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सरकार गंभीर है। वहीं जलशक्ति विभाग की 1635 पेयजल स्कीमें बंद हैं। (एचडीएम)

तीन तक यलो अलर्ट

प्रदेश में आने वाले एक सप्ताह तक अभी मौसम के खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में तीन जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। प्रदेश के 10 जिलों के लिए भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। लाहुल-स्पीति व किन्नौर जिला को छोडक़र बाकी सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Next Story