हिमाचल प्रदेश

कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए विधायक पवन काजल लखविंदर राणा

Renuka Sahu
18 Aug 2022 5:08 AM GMT
MLA Pawan Kajal Lakhwinder Rana left Congress and joined BJP
x

फाइल फोटो 

कांग्रेस के दो वरिष्ठ विधायक कांगड़ा से पवन काजल और नालागढ़ से लखविंदर सिंह राणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हो गए हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कांग्रेस के दो वरिष्ठ विधायक कांगड़ा से पवन काजल और नालागढ़ से लखविंदर सिंह राणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हो गए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप की उपस्थिति में भाजपा मुख्यालय दिल्ली में दोनों कांग्रेसी नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। पवन काजल कांगड़ा में अन्य पिछड़ा वर्ग का बड़ा चेहरा हैं और इसी संतुलन को भुनाने के लिए कांग्रेस ने उन्हें हाल ही में वर्किंग प्रेजिडेंट बनाया था। वह दो बार के विधायक हैं और इनमें से एक बार निर्दलीय भी चुनाव जीत चुके हैं। दूसरी तरफ नालागढ़ से लखविंदर सिंह राणा भी दो बार के विधायक हैं और वर्तमान में कांग्रेस उपाध्यक्ष थे। दोनों ही विधायक कांग्रेस में खेमेबंदी से परेशान थे और भाजपा से काफी लंबे समय से संपर्क में थे। अब भाजपा हाईकमान से यह मामला क्लीयर होने के बाद इन्होंने पार्टी बदली। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के लिए यह बड़ी मनोवैज्ञानिक जीत है। इससे पहले कांग्रेस ने दो भाजपा नेताओं को अपने साथ मिलाया था।

इनमें पूर्व मंत्री और बंजार से विधायक रहे खीमी राम शर्मा और ठियोग से पूर्व विधायक राकेश वर्मा की धर्मपत्नी इंदु वर्मा शामिल हैं। अब भाजपा ने इसका जवाब दो कांग्रेस विधायकों को तोड़ कर दिया है। सदस्यता ग्रहण करने के बाद दोनों विधायक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिले। श्री नड्डा ने भी पार्टी का पटका पहनाकर इनका स्वागत किया। भाजपा में आने पर इनका स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इससे हिमाचल में बारी-बारी की सरकार का रिवाज बदलने के अभियान में और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश से खत्म हो रही है और हिमाचल में भी यही हाल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पवन काजल और लखविंदर राणा के भाजपा में आने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी कहा कि दोनों कांग्रेस विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में भरोसा जताते हुए भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया है और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगवाई में पार्टी को मजबूत करने के लिए यह काम करेंगे।
Next Story