हिमाचल प्रदेश

रोहडू में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लिया नुकसान का जायजा

Shreya
8 Aug 2023 9:16 AM GMT
रोहडू में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लिया नुकसान का जायजा
x

रोहडू: लोक निर्माण एवं युवा सेवाएं व खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह सोमवार को रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश से हुए नुकसान जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने रोहड़ू एवं संदासु में स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस पूरे दौरे के दौरान रोहड़ू विधानसभा के विधायक एवं मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा लोक निर्माण मंत्री के साथ उपस्थित रहे। विक्रमादित्य सिंह रोहड़ू उपमंडल अंतर्गत लैला गांव में बादल फटने के कारण आई बाढ़ में अपनी जान गंवाने वालों के परिजनों के घर भी गए और शोक संतप्त परिवार वालों को सांत्वना प्रदान की एवं हरसंभव सहायता करने का आश्वासन दिया।

इस बीच विक्रमादित्य सिंह सीमा महाविद्यालय भी गए, जहां महाविद्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया तथा महाविद्यालय में चल रही गतिविधियों से अवगत करवाया। महाविद्यालय में छात्रों की बड़ी संख्या को देखते हुए छात्रावास के भवन को और बड़ा बनाने की मांग भी रखी, जिस पर लोक निर्माण मंत्री ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में करने के निर्देश दिए। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि आपदा के इस समय में सबसे महत्त्वपूर्ण है कि सेब सीजन के दौरान सभी सडक़ों को यातायात के लिए बहाल किया जाए। इसके पश्चात उन्होंने भालड़ा पंचायत का भी दौरा किया। इस अवसर पर रोहड़ू कांग्रेस मंडल अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला, कांग्रेस मंडल के सभी पदाधिकारी, उपमंडल दंडाधिकारी रोहड़ू सनी शर्मा एवं अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Next Story