- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- दिल्ली में सुक्खू के...
हिमाचल प्रदेश
दिल्ली में सुक्खू के साथ हिमाचल कांग्रेस नेताओं की बैठक, चर्चाओं का दौर गर्म
Shantanu Roy
24 Nov 2022 11:52 AM GMT

x
बड़ी खबर
शिमला। हिमाचल कांग्रेस में विधानसभा चुनाव परिणाम से पहले ही राजनीति गरमाने लगी है। इसके तहत कांग्रेस नेताओं में आपसी बैठकों का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति के अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कुछ पार्टी नेताओं के साथ दिल्ली में बैठक की। इनमें मुख्यरूप से विधायक हर्षवर्धन चौहान व रोहित ठाकुर के साथ ही सोहन लाल मौजूद रहे। हिमाचल सदन में हुई कांग्रेस नेताओं की इस बैठक को लेकर अंदरखाते सियासी चर्चाओं का दौर भी गर्म हो गया है। सूत्रों के अनुसार सुक्खू की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनावी मंथन के साथ ही आगामी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई है।
सुक्खू के साथ कई नेता सीएम फेस की दौड़ में
देखा जाए तो यदि विधानसभा चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में रहते हैं तो उस स्थिति में मुख्यमंत्री पद को चेहरा कौन होगा, इसको लेकर चर्चाओं का माहौल गरमाया हुआ है। सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ ही कई अन्य नेता इस दौड़ में शामिल हैं। हालांकि कांग्रेस हाईकमान पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि मुख्यमंत्री पद को चेहरा कौन होगा, इस बारे विधायक दल चर्चा करेगा और अपनी राय से हाईकमान को अवगत करवाएगा। ऐसे में स्पष्ट है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत होने की स्थिति में जिस नेता के पास ज्यादा विधायकों का समर्थन होगा, उसकी ताजपोशी मुख्यमंत्री पद पर हो सकती है।
राजीव शुक्ला से की मुलाकात
दिल्ली में बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से भी मुलाकात की। इस दौरान संगठन के साथ ही अन्य मसलों पर विस्तार से पार्टी नेताओं के बीच चर्चा हुई।
Next Story