हिमाचल प्रदेश

मरियारी के जवान विकास चौधरी को राष्ट्रपति के हाथों मिला शौर्य चक्र

Shantanu Roy
12 May 2023 9:16 AM GMT
मरियारी के जवान विकास चौधरी को राष्ट्रपति के हाथों मिला शौर्य चक्र
x
देहरा। कांगड़ा जिला के उपमंडल देहरा की खबली पंचायत के मरियारी गांव के नाइक विकास चौधरी को राष्ट्रपति ने शौर्य चक्र से सम्मानित किया। 9 मई को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने के बाद नाइक विकास चौधरी वीरवार सुबह घर पहुंचे। गांव में खुशी का माहौल है और विकास को बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ है। नाइक विकास चौधरी वर्ष 2014 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2019 में उनकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर हो गई। 6 मई 2022 को जे एंड के के अनंतनाग जिले के एक गांव में आतंकवादियों के छिपे होने की खुफि या सूचना मिलने के बाद एक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
इस दौरान नाइक विकास चौधरी अपने अन्य साथियों के साथ आतंकवादियों के संभावित ठिकाने की घेराबंदी में लग गए। उसी समय एक आतंकवादी ने चट्टानों की आड़ में घेराबंदी दल पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। विकास चौधरी ने अदम्य साहस और उत्कृष्ट फायरिंग की कुशलता का परिचय देते हुए आतंकवादी को मार गिराया। इसी साहस के मद्देनजर राष्ट्रपति ने उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया है। खबली पंचायत के उपप्रधान राजीव कौंडल ने कहा कि नाइक विकास चौधरी को पंचायत की ओर से भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनके दादा चूढ़ू राम पंजाब पुलिस से रिटायर्ड हैं। पिता राजकुमार वर्ष 2003 में सेना से रिटायर हुए थे।
Next Story