हिमाचल प्रदेश

कांग्रेस के कई नेता भाजपा के संपर्क में, मंडी में बोले सीएम जयराम ठाकुर

Renuka Sahu
5 Sep 2022 3:09 AM GMT
Many Congress leaders are in touch with BJP, CM Jairam Thakur said in Mandi
x

न्यूज़ क्रेडिट : divyahimachal.com

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य के अस्तित्व के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह कांग्रेस नेताओं को रास नहीं आ रहे है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य के अस्तित्व के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह कांग्रेस नेताओं को रास नहीं आ रहे है। सीएम जयराम ठाकुर सुंदरनगर व नाचन विधनसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान जनसभाओं को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आज जहां खड़ा है, उसके योगदान के लिए राज्य के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए राज्य सरकार इस अवसर को मना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है और कांग्रेस के अनेक नेता भाजपा के संपर्क में हैं, जो कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के पास अपनी कोई गारंटी नहीं है, वह राज्य के लोगों को चुनावों के दृष्टिगत दस गारंटी दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में सरकार को न दोहराने की परंपरा को बदलकर मिशन रिपीट सुनिश्चित करने का सरकार का संकल्प कांग्रेस पार्टी के नेताओं को रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक नेता तो यहां तक दावा कर रहे हैं कि एक आम मुख्यमंत्री इस लक्ष्य को कैसे हासिल कर सकता है, जबकि छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ऐसा करने में सफल नहीं हुए। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि आने वाले वर्षों में विकास की गति को निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए वर्तमान राज्य सरकार को पूरे दिल से समर्थन देकर विपक्ष को मुंहतोड़ जवाब दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जरूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने पर वार्षिक 1300 करोड़ रुपए व्यय कर रही है, जबकि पिछली राज्य सरकार द्वारा इस पर मात्र 400 करोड़ रुपए व्यय किए गए। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में वर्तमान सरकार का ध्येय 'गरीब के करीब सरकार' रहा और समाज के कमज़ोर वर्गों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि हिमकेयर, सहारा मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा और मुख्यमंत्री शगुन जैसी योजनाओं ने ज़रूरतमंदों को राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिला यात्रियों को 50 प्रतिशत रियायत दी है और घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
हिमाचल में इतिहास बनाएगी भाजपा
इतिहास बनते और बिगड़ते हैं। हिमाचल प्रदेश में इस बार भाजपा सत्ता पर काबिज होकर नया इतिहास बनाएगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने घालुवाल में आयोजित भाजपा किसान मोर्चा की बैठक दौरान कही। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने जलशक्ति विभाग के रेस्ट हाउस घालुवाल में भाजपा किसान मोर्चा की बैठक में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। राजकुमार चाहर ने भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से वर्तमान गतिविधियों का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने किसानों के लाभ के लिए कई नीतियों का निर्माण करते हुए उन्हें लागू किया है, जिससे किसान वर्ग को काफी राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि किसानों के लिए किए गए सकारात्मक कार्यों का प्रचार सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा-कांग्रेस के बारी-बारी सत्ता में आने का क्रम इस बार टूटने वाला है। बैठक में राष्ट्रीय सचिव व हिमाचल प्रदेश किसान मोर्चा प्रभारी अवतार मंड, कुलवंत, हुकुम सिंह बैंस, प्रवेश शर्मा, बलराम बबलू, संजीव देष्टा, सतीश ठाकुर, धर्मेंद्र राणा, सतीश राणा, अश्विनी कुमार, नवी ठाकुर, संजीव ठाकुर, विनय सहोड़ एवं दीपक जोशी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
हिमाचल में टीजीटी संस्कृत को भी दूसरे शिक्षकों के समान मिलेंगे लाभ
राज्य सरकार टीजीटी संस्कृत शिक्षकों को शीघ्र ही प्रदेश में अन्य टीजीटी शिक्षकों के समान लाभ प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने रविार को सुंदरनगर में संस्कृत भारती हिमाचल प्रदेश और भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संस्कृत उत्कर्ष महोत्सव की अध्यक्षता करते हुए यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के नाम से जाना जाता है और देव वाणी को उचित सम्मान देना इस दिव्य भूमि का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि इसी अवधारणा के दृष्टिगत संस्कृत को दूसरी भाषा का दर्जा देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय का उन लोगों ने विरोध किया था। जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल हर घर तिरंगा अभियान को निष्फल बताकर विरोध किया था। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार संस्कृत भाषा को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिमला जिला के रामपुर क्षेत्र के शिंगला और कुल्लू जिला के मनाली के निकट जगतसुख में नए संस्कृत महाविद्यालय स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने संस्कृत महाविद्यालय डंगार को अपने नियंत्रण में लेने की मांग को भी पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शास्त्री एवं भाषा अध्यापकों को टीजीटी शास्त्री एवं भाषा अध्यापक के रूप में नामित करने का भी निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से अब 15,000 भाषा अध्यापकों और शास्त्री अध्यापकों को टीजीटी हिंदी और टीजीटी संस्कृत के रूप में नामित किया गया है। कार्यक्रम में मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक राकेश जंवाल, संस्कृत भारती हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा, भाषा कला एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डा. पंकज ललित, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. सुरेश सोनी, जिला परिषद के अध्यक्ष पाल वर्मा, उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री आदि उपस्थित थे।
तीसरी कक्षा से होगी संस्कृत की पढ़ाई
सुंदरनगर – शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने अगामी वर्ष से तीसरी कक्षा से संस्कृत भाषा पढ़ाने का निर्णय लिया है। मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर सुंदरनगर में संस्कृत उत्कर्ष महोत्सव के कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में संस्कृत को राज्य की दूसरी भाषा घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि संस्कृत एक देवभाषा है और देवभूमि हिमाचल संस्कृत भाषा को वास्तव में ही सम्मान देने वाला देश का पहला राज्य है। अखिल भारतीय संस्कृत भारती संगठन मंत्री दिनेश कामथ ने कहा कि संस्कृत विश्व की सबसे प्राचीन भाषा है और पुरातन काल से ही हर भारतीय को संस्कृत विरासत में मिली है।
Next Story