हिमाचल प्रदेश

Mandi: एस.ई.ई. लर्निंग कार्यक्रम से शिक्षा क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा : मीना राठौर

Admindelhi1
13 Jun 2026 11:14 AM IST
Mandi: एस.ई.ई. लर्निंग कार्यक्रम से शिक्षा क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा : मीना राठौर
x

मंडी: मंडी जिला गुणवत्ता एवं नियंत्रण उपनिदेशक मीना राठौर ने बताया कि मंडी जिला में भी एस.ई.ई. लर्निंग कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वयकों एवं शिक्षकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इस कार्यक्रम को जिले के विभिन्न विद्यालयों में लागू किया जाएगा। जिससे विद्यार्थियों के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आज के बदलते सामाजिक एवं शैक्षणिक परिवेश में विद्यार्थियों के सामाजिक, भावनात्मक और नैतिक विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। एस.ई.ई. लर्निंग कार्यक्रम शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक सकारात्मक, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक शिक्षण वातावरण के निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।शिमला में समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित एस.ई.ई. लर्निंग सामाजिक, भावनात्मक एवं नैतिक अधिगम कार्यक्रम के राज्य संसाधन समूह की तीन दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला हिमाचल प्रदेश कृषि सहकारी कर्मचारी प्रशिक्षण संस्थान, सांगटी समरहिल में संपन्न हुई। कार्यशाला के समापन समारोह में समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस कार्यशाला में मंडी जिला का प्रतिनिधित्व एस.ई.ई. लर्निंग के जिला समन्वयक डॉ. कर्म सिंह ठाकुर ने किया। उनके साथ चमन लाल, विपिन सैनी, महेंद्र कपूर तथा सुरेंद्र जंबाल ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

एस.ई.ई. लर्निंग कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें भावनात्मक रूप से सशक्त, संवेदनशील तथा नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण बनाना भी आवश्यक है। विद्यार्थियों में सहानुभूति, जिम्मेदारी, आत्म-जागरूकता तथा विपरीत परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित करना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में एस.ई.ई. लर्निंग कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

Next Story