हिमाचल प्रदेश

Mandi: 29 जून को मंडी नगर निगम में शपथ ग्रहण, चुने जाएंगे महापौर और उपमहापौर

Admindelhi1
26 Jun 2026 12:22 PM IST
Mandi: 29 जून को मंडी नगर निगम में शपथ ग्रहण, चुने जाएंगे महापौर और उपमहापौर
x
शपथ ग्रहण के बाद महापौर और उपमहापौर का होगा चुनाव

मंडी: नगर निगम मंडी के नवनिर्वाचित पार्षदों की शपथ के लिए 29 जून की तिथि निर्धारित की गई है। इसी दिन नगर निगम के महापौर व उपमहापौर का चयन भी हो जाने की उम्मीद है। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाएंगे। इस बारे में उपायुक्त की ओर से गुरूवार को शपथ की सूचना जारी कर दी गई है।

जारी सूचना के अनुसार सभी नवनिर्वाचित पार्षद मंडी नगर निगम के कार्यालय में 29 जून को दोपहर बाद दो बजे उपायुक्त के समक्ष भारत के संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ग्रहण करेंगे। उन्होंने सभी संबंधित पार्षदों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उपायुक्त की ओर से जारी एक अन्य सूचना के अनुसार मंडी नगर निगम क्षेत्र से संबंधित विधायकों को भी इस शपथ ग्रहण के लिए आयोजित बैठक में बतौर निगम के पदेन सदस्य भाग लेने का आग्रह किया गया है। इनमें सदर मंडी, बल्ह तथा द्रंग के विधायक शामिल हैं।

29 जून को ही शपथ के बाद महापौर व उपमहापौर का चुनाव हो जाने की उम्मीद है। इसके साथ ही लगातार दूसरी बार मंडी नगर निगम पर भाजपा का कब्जा हो जाएगा। 15 में से 14 वार्डों में चुनाव हुए हैं जिनमें 12 में भाजपा, 1 में कांग्रेस व एक में आजाद उम्मीदवार जीता है। इस ताजपोशी की तैयारियां जोर शोर से शुरू हो चुकी हैं। सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को इस बारे में सूचना पत्र भेजे जा चुके हैं। इस बार निगम क्षेत्र से जुड़े मंडी सदर, दं्रग व बल्ह के विधायक भी बैठक में भाग लेंगे। उनका भी वोट चुनाव में मान्य होगा। तीनों विधायक भी भाजपा से ही हैं ऐसे में भाजपा के पास अब 15 की संख्या हो चुकी है। ऐसे में मंडी नगर में भाजपा का कब्जा तय है। नगर निगम महापौर व उपमहापौर को लेकर हलचल तेज हो गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के हाईकमान की चली तो सबसे ज्यादा बार जीत चुकी सुमन ठाकुर महापौर बन सकती हैं मगर यदि सदर के विधायक अनिल शर्मा की चल निकली तो लाटरी किसी और की भी लग सकती है। उपमहापौर का पद पुरूष पार्षद को मिल सकता है। 12 भाजपा पाषदों में 8 महिलाएं व 4 पुरूष हैं।

Next Story