हिमाचल प्रदेश

Mandi: भाजपा सरकार पर विकास को लेकर तीखा आरोप

Admindelhi1
13 May 2026 12:40 PM IST
Mandi: भाजपा सरकार पर विकास को लेकर तीखा आरोप
x
विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर लगाया ठगी का आरोप

मंडी: नगर निगम मंडी के चुनावी रण में कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार देर शाम पुरानी मंडी वार्ड में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए नगर निगम चुनाव प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर तीखे हमले किए। विक्रमादित्य सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले पांच वर्षों में मंडी की जनता ने भाजपा को नगर निगम की कमान सौंपी थी, लेकिन भाजपा के मेयर और डिप्टी मेयर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में पूरी तरह विफल रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के बड़े-बड़े दावों के बावजूद धरातल पर कुछ भी नहीं हुआ। भाजपा शासनकाल में शहर की जनता को पानी, सड़क और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी तरसना पड़ा।भाजपा ने मंडी की भोली-भाली जनता को सिर्फ ठगने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 5 साल सत्ता में रहने के बावजूद वे शहर को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं दे पाए। अब समय आ गया है कि जनता काम न करने वालों को जवाब दे। चुनाव प्रभारी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि इस बार मंडी की जनता बदलाव के मूड में है।

उन्होंने भरोसा जताया कि शहर के चहुंमुखी विकास के लिए जनता कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों को भारी बहुमत से जिताएगी। इस जनसभा में धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर, जिला कांग्रेस की अध्यक्षा चम्पा ठाकुर, कांग्रेस प्रत्याशी रेखा और स्थानीय निवासी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जहां चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

Next Story