हिमाचल प्रदेश

Mandi: बैकडोर भर्ती पर सियासत तेज, राकेश जम्बाल ने उद्योग मंत्री को घेरा

Admindelhi1
16 July 2026 12:19 PM IST
Mandi: बैकडोर भर्ती पर सियासत तेज, राकेश जम्बाल ने उद्योग मंत्री को घेरा
x
बैकडोर भर्ती मामले में सरकार पर बरसे राकेश जम्बाल

मंडी: भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्बाल ने कहा कि भाजपा से भ्रष्टाचार के सबूत मांगने से पहले उद्योग मंत्री अपने उस सार्वजनिक बयान का जवाब दें। जिसमें उन्होंने स्वयं अपनी सिफारिश से 700 लोगों को रोजगार दिलाने का दावा किया था। राकेश ने कहा कि उद्योग मंत्री प्रदेश की जनता को यह बताएं कि आखिर उनकी सिफारिश से 700 लोगों को किस नियम, किस प्रक्रिया और किस चयन प्रणाली के तहत रोजगार मिला। यदि नियुक्तियां पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट के आधार पर हुई हैं तो मंत्री अपनी व्यक्तिगत सिफारिश का श्रेय क्यों ले रहे हैं? और यदि वास्तव में उनकी सिफारिश पर रोजगार मिला है तो यह बैकडोर भर्ती का सबसे बड़ा प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा विरोधाभास यह है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू हर मंच से आउटसोर्स भर्ती और बैकडोर एंट्री का विरोध करने का दावा करते हैं। जबकि उनके ही उद्योग मंत्री सार्वजनिक मंच से अपनी सिफारिश पर 700 लोगों को रोजगार दिलाने की बात स्वीकार कर रहे हैं।

जम्बाल ने कहा कि यदि प्रदेश में नौकरियां मंत्री और नेताओं की सिफारिश से ही दी जानी थी, तो फिर पूर्व की चयन व्यवस्था को समाप्त कर नया चयन आयोग बनाने का नाटक क्यों किया गया। क्या पूर्व की सरकार से चले आ रहे चयन आयोग को केवल इसलिए भंग किया गया ताकि जनता की आंखों में धूल झोंकी जा सके।

उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस ने हर वर्ष एक लाख और पांच वर्षों में पांच लाख युवाओं को रोजगार देने की गारंटी दी थी। आज साढ़े तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन रोजगार देने के बजाय बेरोजगार युवाओं को आवेदन फार्म भरने, परीक्षा फीस जमा करने और भर्ती का इंतजार करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। सरकार युवाओं से फीस के नाम पर उगाही कर रही है, जबकि अपने चहेतों और सिफारिश वालों को नौकरी देने का दावा उसके मंत्री स्वयं कर रहे हैं।

Next Story