- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Mandi: शादी से लौटते...
Mandi: शादी से लौटते समय बड़ा हादसा, कार गहरी खाई में गिरी

मंडी: मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र में पौंटा के पास स्थित तीखे मोड़ पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे वाहन में सवार सात लोग घायल हो गए। हादसे में दो बच्चे, तीन महिलाएं और दो पुरुष घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सिविल अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों के अनुसार घायलों में रघुवीर सिंह (65), नीरू देवी (58) सहित अन्य को चोटें आई हैं। इनमें से चार रघुबीर, नीरू, दीक्षा और निधि की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा गया है, जबकि अन्य की हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी घायल जिला हमीरपुर के भोरंज उपमंडल के धीरो गांव के निवासी हैं। वे एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि मोड़ अत्यधिक खतरनाक है और पहले भी यहां दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक का नियंत्रण खोना या सड़क की स्थिति हादसे का कारण हो सकती है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी सड़कों पर विशेष सावधानी बरतें, खासकर तीखे मोड़ों पर गति नियंत्रित रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।





