- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Mandi: मंडी पर जयराम...
Mandi: मंडी पर जयराम का दावा, कंगना पर विनय कुमार की चुटकी

मंडी: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने नेता प्रतिपक्ष को उन्हीं के घर में घेरते हुए कहा कि जयराम ठाकुर कहते हैं कि मंडी मेरी है। तो वे यह बताएं कि मंडी की सांसद कंगना कहां है। उन्हें सांसद भी उन्होंने ही बनाया है मगर वो आपदा के समय मंडी संसदीय क्षेत्र के लोगों के बीच नहीं आई।
उन्होंने कहा कि सबसे अधिक आपदा मंडी जिला में ही आई पर कंगना लोगों का हाल जानने के लिए उनके बीच नहीं पहुंची। वीरवार को मंडी के विपाशा सदन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर के कार्यभार ग्रहण समारोह में पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कंगना से ज्यादा तो बाहरी राज्यों के टुरिस्ट घूमकर चले जाते हैं। मगर वो साल दो साल में एक बार ही मंडी पहुंचती है।
उन्होंने कहा कि कंगना को अगर बॉलीवुड में काम करना ही पसंद है तो वह राजनीति में क्यों आई। इसके विपरीत विक्रमादित्य सिंह ने कंगना के मुकाबले चुनाव लड़ा था, वे आपदा के समय लोगों के बीच पहुंचे और जयराम जी के क्षेत्र का पैदल दौरा किया और खराब सड़कों को ठीक करवाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने संगठन के पदाधिकारियों को भी कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि अब संगठन में केवल काम ही चलेगा, सिफारिश नहीं।
मंडी में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष चंपा ठाकुर के पदभार ग्रहण समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे विनय कुमार ने खुले मंच से ऐलान किया कि यदि नवनियुक्त जिलाध्यक्षों ने भी संतोषजनक परफार्मेंस नहीं दी, तो उन्हें पदों से हटाने में कोई देरी नहीं की जाएगी। विनय कुमार ने कहा कि संगठन में नियुक्तियों का एकमात्र आधार अब परफार्मेंस होगी।
उन्होंने कहा कि यदि कोई नेता किसी की सिफारिश करता भी है, तो पहले संबंधित व्यक्ति के कामकाज और परफार्मेंस की जांच की जाएगी। जो पदाधिकारी बनेंगे, उन्हें फील्ड पर उतरकर परफॉर्म करना होगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो काम नहीं करेगा, उसे पद छोड़ना होगा, चाहे वह जिलाध्यक्ष के पद पर ही क्यों न बैठा हो। मंडी जिला जहां कभी कांग्रेस का संगठन बहुत मजबूत था अब भाजपा का वर्चस्व कायम है। इसी को लेकर वीरवार को मंच पर संगठन को लेकर कांग्रेस के नेता आपस में उलझ पड़े। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ नेताओं को भी संदेश दिया है कि पार्टी संगठन से बढ़कर नेता नहीं है। अगर कोई नेता ऐसा करने की कोशिश करेगा तो उसे बाहर का रास्ता भी दिखाया जा सकता है।





