हिमाचल प्रदेश

Mandi: मानसून आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश

Admindelhi1
14 July 2026 10:06 AM IST
Mandi: मानसून आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
x
आपदा प्रबंधन के लिए संसाधन और वैकल्पिक योजना तैयार रखने का आदेश

मंडी: मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तैयारी रखने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम अमर नेगी ने कहा कि भारी वर्षा, भूस्खलन, बादल फटने तथा नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि जैसी घटनाओं से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में सभी विभाग अपने संसाधन, मशीनरी एवं उपकरण हर समय तैयार रखें और जिम्मेदार अधिकारियों के संपर्क विवरण प्रशासन के साथ साझा करें।

उन्होंने बताया कि एसडीएम कार्यालय में 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जिसका लैंडलाइन नंबर 01907-266001 होगा। बैठक में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, जल शक्ति विभाग, नगर परिषद तथा पंचायती राज विभाग को नालों, कूहलों और नालियों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी जैसी मशीनरी तैनात रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर सड़क सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया।

स्वास्थ्य विभाग को जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए पर्याप्त दवाइयों एवं चिकित्सा सामग्री का भंडारण, जल शक्ति विभाग को पेयजल टैंकों की नियमित सफाई तथा विद्युत विभाग को आपदा के समय विद्युत आपूर्ति बहाल रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को दुर्गम क्षेत्रों में राशन की उपलब्धता तथा पेट्रोल पंपों पर ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने बीडीओ को पंचायत स्तर पर स्वयंसेवकों की टीम तैयार करने, हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करने तथा ट्रैकिंग मार्गों पर सूचना एवं दिशा-सूचक बोर्ड लगाने को कहा।

Next Story