हिमाचल प्रदेश

Mandi: हिमाचल राज्य शतरंज एसोसिएशन को मिला नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी

Admindelhi1
15 Jun 2026 9:57 AM IST
Mandi: हिमाचल राज्य शतरंज एसोसिएशन को मिला नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी
x
हिमाचल शतरंज एसोसिएशन में अहम नियुक्ति, सकलानी बने सीईओ

मंडी: आल इंडिया शतरंज फेडरेशन ने हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित उद्योगपति और जोगिंद्रनगर विकास मंच के संस्थापक कृष्ण कुमार सकलानी को हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज एसोसिएशन का मुख्य कार्यकारी अधिकारी तैनात किया है। मंडी जिला के लडभड़ोल क्षेत्र के ख़द्दर निवासी कृष्ण कुमार की आरंभिक शिक्षा लडभड़ोल में हुई, जबकि उच्च शिक्षा दिल्ली में ग्रहण की। इस उपलक्ष में हिमाचल भवन नई दिल्ली में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें हिमाचल,पंजाब,दिल्ली और राष्ट्रीय शतरंज एसोसिएशन के पदाधिकारियों में भाग लिया।

इस अवसर पर कॉमन वैल्थ शतरंज एसोसिएशन के अध्यक्ष भरत सिंह चौहान ने कहा की उत्तरी भारत में शतरंज खेल को लोकप्रिय बनाने की जरूरत है। उन्होंने बताया की इस समय शतरंज विश्व के 182 देशों में खेली जाती है। अनेक देशों में शतरंज के खेल के आयोजनों के प्रसारण के लिए एक्सक्लूसिव टेलीविज़न चैनल और यु-ट्यूब चैनल चलाए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश शतरंज एसोसिएशन के सचिव संजीव ठाकुर ने बताया की हिमाचल प्रदेश के जुबल स्पोर्ट्स हॉस्टल में शतरंज खेलने वाली 10 लड़कियों को दाखिला दिया गया है। जिन्हें राज्य सरकार के खर्चे पर शतरंज का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्हें शतरंज के राष्ट्रीय टूर्नामेंट्स के लिए प्रायोजित किया जाएगा।

देव भूमि शतरंज एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय चड्ढा ने कहा कि कृष्ण कुमार सकलानी के शतरंज एसोसिएशन में भागीदारी से शतरंज खेल को बल मिलेगा। यह खेल गांव स्तर तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा की शतरंज खेल के माध्यम से पहाड़ों में चिट्टे,नशे से लड़ने में मदद मिलेगी।

कृष्ण कुमार सकलानी ने आल इंडिया शतरंज फेडरेशन द्वारा उन्हें नई जिम्मेदारी सौपने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा की वे पहाड़ों में खेल के प्रसार में अहम भूमिका अदा करेंगे। कृष्ण कुमार सकलानी एक सफल उद्यमी हैं तथा फैशन एवं वस्त्र परिधान की दुनिया में नाम रखने वाली कंपनी सारा क्रिएशन इंक के संस्थापक पार्टनर हैं। कृष्ण कुमार सकलानी ने कहा है कि वह राज्य में शतरंज को लोकप्रिय बनाने के लिए अनेक खेल मुकाबले आयोजित करेंगे।राज्य में शतरंज खेल ढांचे को सुदृढ़ करेंगे।

Next Story