हिमाचल प्रदेश

Mandi: करसोग में नगर पंचायत चुनावों का पहला अभ्यास चरण

Admindelhi1
29 April 2026 10:19 AM IST
Mandi: करसोग में नगर पंचायत चुनावों का पहला अभ्यास चरण
x

मंडी: नगर पंचायत करसोग में होने वाले चुनावों के दृष्टिगत रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम करसोग गौरव महाजन की अध्यक्षता में प्रथम चरण की रिहर्सल आयोजित की गई। इस अवसर पर रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि स्वच्छ और पारदर्शी तरीके से चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करवाने के लिए सभी को एक टीम की तरह कार्य करना होगा। जिसके लिए आपसी सहयोग और तालमेल आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया संबंधी सभी कार्य हैंड बुक में दिए गए दिशा निर्देशों के अनुसार ही संपन्न किए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि ईवीएम के परिवहन में केवल सरकारी वाहनों का ही प्रयोग और पुलिस सुरक्षा के साथ करना सुनिचित किया जाए। ईवीएम के परिवहन में प्राईवेट वाहनों का प्रयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करवाने वाले सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने अपने बूथ से संबंधित मतदाता सूची की जानकारी हासिल कर, वोट टर्न आउट पर फोकस करें ताकि वोट टर्न आउट को बढ़ाया जा सके।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं के लिए मोबाइल फोन मतदान केंद्र में लाने की मनाही रहेगी। इसके अतिरिक्त, पोलिंग बूथ के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का कोई प्रचार प्रसार नहीं किया जा सकेगा।

प्रथम चरण के इस चुनावी अभ्यास में मास्टर ट्रेनर लोमेश्वर शर्मा और महेंद्र कुमार ने सभी सेक्टर अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों सहित मतदान से संबंधित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाने की जानकारी प्रदान की। जिसमें मुख्य रूप से पोलिंग बूथ स्थापित करना, ईवीएम की जानकारी, चुनाव संबंधी सामग्री, चुनाव प्रक्रिया में प्रयोग होने वाले विभिन्न प्रकार के फॉर्म, डिस्प्ले मैटीरियल, सुरक्षा व्यवस्था, पोलिंग एजेंट, मॉक पोल, टेंडर वोट, क्लोजर ऑफ ईवीएम, वोटर अकाउंट, ईवीएम के परिवहन आदि की जानकारी प्रदान की गई। चुनाव अभ्यास कार्यक्रम में मतदान से पहले की जाने वाली विभिन्न तैयारियों की जानकारी प्रदान की गई।

प्रथम चरण के इस अभ्यास कार्यक्रम में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार पृथी चंद, नायब तहसीलदार राहुल शर्मा, नोडल अधिकारी पंकज गुप्ता सहित अन्य विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Next Story