हिमाचल प्रदेश

Mandi: कांग्रेस सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी का आरोप

Admindelhi1
25 May 2026 7:22 PM IST
Mandi: कांग्रेस सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी का आरोप
x
"चुनावी माहौल में राकेश जम्वाल का कांग्रेस पर निशाना"

मंडी: प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि शहरी निकाय और पंचायत चुनावों से ही प्रदेश में कांग्रेस सरकार को बाहर का रास्ता दिखाने की शुरुआत होगी। जनता यदि मजबूत जनादेश भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को देती है तो यह संदेश जाएगा कि हिमाचल प्रदेश की जनता झूठ, भ्रष्टाचार और तानाशाही राजनीति को स्वीकार करने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। यही कारण है कि सरकार प्रशासनिक मशीनरी पर दबाव बनाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जानबूझकर बंद किया। प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और अव्यवस्था से त्रस्त है जबकि सरकार केवल राजनीतिक समीकरण साधने में लगी हुई है।

राकेश जमवाल ने कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद सरकार द्वारा कैबिनेट बैठकों में ऐसे फैसले लेना, जिनका सीधा असर मतदाताओं पर पड़ता है, यह स्पष्ट दर्शाता है कि कांग्रेस सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर चुनावी लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

राकेश जमवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करवाने के लिए प्रशासनिक दबाव बनाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर लोगों को प्रभावित करने और डराने का प्रयास किया जा रहा है। इतना ही नहीं, जिला परिषदों और नगर निकायों में चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन बनाने की प्रक्रिया को भी प्रभावित करने की योजनाएं बनाई जा रही हैं ताकि जनता के जनादेश को कमजोर किया जा सके। भाजपा इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला मानती है।

Next Story