- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Mandi: ब्यास नदी में...
Mandi: ब्यास नदी में पाइलिंग मशीन व ऑपरेटर दोनों बह गए

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान ब्यास नदी में एक बड़ा हादसा पेश आया है। बुधवार देर रात ब्यास नदी में काम कर रही एक पाइलिंग मशीन और ऑप्रेटर नदी के तेज बहाव में समा गए। घटना के बाद से ऑप्रेटर लापता है, जिसकी तलाश के लिए व्यापक स्तर पर सर्च ऑप्रेशन चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा बुधवार देर रात पंडोह डैम से अचानक पानी छोड़े जाने के कारण हुआ है। अचानक पानी छोड़े जाने से ब्यास नदी का जलस्तर एकदम से बढ़ गया।
फोरलेन निर्माण कार्य में नदी के बीच काम कर रही पाइलिंग मशीन का ऑप्रेटर जब तक कुछ समझ पाता, पानी का तेज बहाव मशीन सहित ऑप्रेटर काे अपने साथ बहा ले गया। हालांकि बांध प्रबंधन ने पानी छोड़ने की चेतावनी भी जारी की थी लेकिन बाबजूद इसके आपरेटर कैसे काम करता रहा ये एक बड़ी चूक सामने आई है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। गुरुवार सुबह होते ही लापता ऑप्रेटर को खोजने के लिए रैस्क्यू ऑप्रेशन शुरू कर दिया गया है। नदी के तेज बहाव और गहराई को देखते हुए प्रशासन ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम को मौके पर बुलाया है। गोताखोरों और रैस्क्यू टीम द्वारा नदी के चप्पे-चप्पे पर मशीन और ऑप्रेटर की तलाश जारी है।
लापता ऑप्रेटर की पहचान बिहार राज्य के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या डैम से पानी छोड़ने से पहले निर्माण एजेंसी को कोई पूर्व सूचना दी गई थी या नहीं। फिलहाल, प्रशासन का पूरा जोर ऑपरेटर को जल्द से जल्द खोजने पर है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है।





