हिमाचल प्रदेश

Mandi: अजय ठाकुर ने बजट को हिमाचल विकास के लिए लाभकारी बताया

Admindelhi1
3 Feb 2026 1:33 PM IST
Mandi: अजय ठाकुर ने बजट को हिमाचल विकास के लिए लाभकारी बताया
x

मंडी: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने केंद्रीय बजट 2026-27 को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि का मार्ग है। हिमाचल प्रदेश को ईको-फ्रेंडली माउंटेन कॉरिडोर, माउंटेन ट्रेल्स तथा मेडिकल टूरिज्म हब बनने से बड़ा लाभ होगा।

अजय ठाकुर ने बताया कि फार्मा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 10,000 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट की घोषणा हुई है। चूंकि बद्दी-सोलन पहले से ही एक बड़ा फार्मा हब है, इसलिए इस योजना का सीधा लाभ हिमाचल को मिलेगा। हिमाचल को मेडिकल टूरिज्म हब बनाने संबंधी योजना का भी सीधा लाभ होगा।

भाजपा प्रवक्ता अजय ठाकुर ने कहा कि एक तरफ केंद्र की मोदी सरकार मध्यम वर्ग को करों में राहत दे रही है और युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोल रही है, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार केवल अपने 'चहेतों' को उपकृत करने में व्यस्त है।

उन्होंने कहा कि नया आयकर अधिनियम 2025 और सरल टैक्स व्यवस्था मध्यम वर्ग की बचत बढ़ाएगी। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 और एमएसएमई फंड के जरिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का विजन इस बजट में है। कैंसर और मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं पर सीमा शुल्क घटाकर मोदी सरकार ने करोड़ों परिवारों को आर्थिक संबल दिया है।मोदी सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 12.2 लाख करोड़ का निवेश हिमाचल जैसे राज्यों में नई सड़कों और रेल सुविधाओं का जाल बिछाएगा।

कांग्रेस सरकार ने हिमाचल में डीजल महंगा किया, बस किराया बढ़ाया और बिजली की दरों में भारी वृद्धि कर जन-जीवन कठिन कर दिया है। कैग की रिपोर्ट ने भी सरकार के भ्रष्टाचार और राजस्व हानि की पोल खोल दी है। इसके विपरीत, केंद्रीय बजट में किसानों के लिए भारत-विस्तार एआई टूल और ग्रामीण विकास के लिए समर्पित योजनाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि भाजपा का लक्ष्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति का उत्थान है। उन्होंने इस दूरदर्शी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।

Next Story