- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- नशा तस्करों पर बड़ा...
नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन, 45.86 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त

शिमला: हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के बड़े आंकड़े सामने आए हैं। राज्य सरकार ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में बताया कि पिछले तीन वर्षों के दौरान चिट्टा तस्करी के 3,227 मामले दर्ज किए गए और 5,866 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस ने तस्करी से अर्जित 45.86 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति भी जब्त की है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पहले वर्ष 794 मामले और 1,373 गिरफ्तारियां दर्ज हुईं। दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर 1,045 मामले और 1,952 गिरफ्तारियां हो गई। वहीं, 2 नवंबर 2025 से 1 नवंबर 2026 के बीच 1,388 मामले दर्ज हुए और 2,541 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जिलावार आंकड़ों में शिमला 600 मामलों और 1,261 गिरफ्तारियों के साथ पहले स्थान पर रहा। बिलासपुर में 445, मंडी में 314 और कांगड़ा में 282 मामले दर्ज किए गए।
अवैध संपत्ति जब्ती में नूरपुर पुलिस जिला सबसे आगे रहा, जहां 13.37 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। शिमला में 10.96 करोड़ और सोलन में 10.05 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त हुई।
सरकार के अनुसार, 225 आदतन तस्करों को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया है। नशा तस्करी रोकने के लिए 93 फ्लाइंग स्क्वाड सक्रिय हैं।
इसके अलावा राज्य में एसटीएफ के 13 थाने अधिसूचित किए गए हैं, जिनमें शिमला, मंडी और कांगड़ा के तीन रेंज स्तरीय थाने फिलहाल कार्यरत हैं। नशे की गुमनाम सूचना देने के लिए 'ड्रग फ्री हिमाचल' मोबाइल ऐप भी शुरू किया गया है।





