- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- शिमला में नशे के खिलाफ...
शिमला में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बस में 27 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार

शिमला: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने बस में सफर कर रहे एक युवक को 27 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संदीप (21) निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। अदालत ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल शिमला की टीम बालूगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत शोघी पुलिस चौकी के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बस को जांच के लिए रोका गया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बस की तलाशी लेने पर उसमें सवार संदीप के कब्जे से 27 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
इस बरामदगी के आधार पर पुलिस ने 17 नवंबर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी को चिट्टा कहां से मिला था और वह किस व्यक्ति से इसकी आपूर्ति प्राप्त करता था।
पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य संभावित व्यक्तियों और नशा सप्लाई नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।





