हिमाचल प्रदेश

महेंद्र सिंह ने सिखाया मुख्यमंत्री को झूठ बोलना और भ्रष्टाचार करना : कौल सिंह

Shantanu Roy
7 July 2022 10:05 AM GMT
महेंद्र सिंह ने सिखाया मुख्यमंत्री को झूठ बोलना और भ्रष्टाचार करना : कौल सिंह
x
बड़ी खबर

मंडी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने मंडी के पराशर में आयोजित प्रैसवार्ता में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कौल सिंह ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर झूठ नहीं बोलते थे लेकिन महेंद्र ने उन्हें झूठ बोलना, भ्रष्टाचार करना और भ्रष्टाचार से समझौता करना सिखा दिया है। कौल सिंह ने जल शक्ति विभाग में गुणवत्ताहीन पाइपों की खरीददारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना सोर्स के ही पाइपें बिछा दी गईं लेकिन पानी की नई स्कीमें नहीं बनाईं। पाइपें अंडरग्राऊंड नहीं डाली गईं और ये हाथ से ही मुड़ रही हैं। कौल ने कहा कि अगर हमारी सरकार सत्ता में आई तो पाइप खरीद मामले की हम सीबीआई से जांच करवाएंगे।

जयराम सरकार में लागू नहीं हुए सुप्रीम कोर्ट के आदेश
उन्होंने कहा कि जयराम सरकार में तो सुप्रीम कोर्ट के आदेश तक लागू नहीं हुए हैं, जल शक्ति विभाग के सभी होर्डिंग में मंत्री महेंद्र सिंह का फोटो लगाया गया है जबकि प्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल और मुख्यमंत्री का ही फोटो लगाया जा सकता है। मैं हाईकोर्ट से मांग करता हूं कि कोर्ट की अवमानना होने पर इस मामले की जांच करवाई जाए और जो भी दोषी हों उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। कई जगह तो लोगों ने इन घटिया पाइपों की छत डाल ली हैं। कांग्रेस चार्जशीट तैयार कर रही है, जिसके आधार पर हम कोर्ट जाएंगे और बदले की भावना से कोई कार्रवाई नहीं होगी लेकिन भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।
भाजपा ने नहीं निभाया फैक्टर टू लागू करने का वायदा
कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले घोषणा पत्र में भूमि अधिग्रहण मामले में फैक्टर टू लागू करने का वायदा किया था लेकिन सत्ता में आते ही इसे भूल गए और कई कमेटियां बनाईं। पठानकोट-मंडी फोरलेन को बीच रास्ते में टू लेन किया गया है जोकि गलत है, हम फोरलेन बनाने की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सत्ता में आएगी तो पुरानी पैंशन बहाली की जाएगी, आऊटसोर्स पर लगे कर्मियों को कॉन्ट्रैक्ट में लिया जाएगा, उनके लिए नीति बनाई जाएगी। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में किए गए किसी भी वायदे को पूरा नहीं किया है।
जयराम सरकार ने लिया 23 हजार करोड़ का कर्जा
कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने जब सत्ता छोड़ी और जयराम मुख्यमंत्री बने तो प्रदेश में 47 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, 10 वर्ष तक पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल और कांग्रेस सरकार के समय लिया गया कर्जा शामिल है लेकिन आज प्रदेश पर 70 हजार करोड़ का कर्जा हो गया है। जयराम सरकार ने 23 हजार करोड़ का कर्जा लेकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को डावांडोल कर दिया है। मंडी में शिवधाम बनाया जा रहा है, वह इनका नहीं पूर्व सांसद रामस्वरूप का सपना था। उन्होंने अपनी सांसद निधि से कुछ पैसा इसके लिए दिया था लेकिन इसका आम आदमी को कोई फायदा नहीं है। जंगल उजाड़ कर केवल पैसे की बर्बादी की जा रही है।
Next Story