- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- कांग्रेस में टिकट के...
हिमाचल प्रदेश
कांग्रेस में टिकट के लिए लंबी फौज, 55 चेहरों ने जताई दावेदारी
Rani Sahu
28 Aug 2022 6:21 PM IST

x
शिमला : हिमाचल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में दावेदारों की लंबी फौज खड़ी होने लगी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार इसी कड़ी में शनिवार तक विभिन्न क्षेत्रों से 55 चेहरों ने टिकट के लिए अपनी दावेदारी जताई है। इनमें कुछ आवेदन ई-मेल के माध्यम से पार्टी को प्राप्त हुए हैं, जबकि कुछ ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन व जिला कांग्रेस कमेटियों के समक्ष आवेदन किया है। आवेदन करने वालों में पूर्व में चुनाव हार चुके कुछ चेहरों के साथ ही नए चेहरे शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मौजूदा विधायकों व पूर्व विधायकों ने फिलहाल अभी तक कोई आवेदन नहीं किया है। हालांकि अभी ये स्पष्ट नहीं किया गया कि किस-किस विधानसभा क्षेत्र से कितनों ने दावेदारी पेश की है। कई युवा चेहरे भी टिकट की दौड़ में शामिल हैं।
टिकट आबंटन के लिए सर्वे जारी
टिकट आबंटन को लेकर पार्टी स्तर पर सर्वे भी चल रहा है। इसके साथ ही चर्चा यह भी है कि 35 से 40 टिकट लगभग तय हैं। सूत्रों की मानें तो जिन क्षेत्रों में पार्टी को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है, उन विस क्षेत्रों में नए चेहरों को आगे लाया जाएगा। इसी तरह सोशल मीडिया पर भी कई फर्जी लिस्ट वायरल हो रही है, जिसमें कई नेताओं और पदाधिकारियों के टिकट फाइनल बताए जा रहे हैं।
कई क्षेत्रों से 4 से 5 आवेदन, 1 सितम्बर के बाद होगी छंटनी
सूत्रों के अनुसार कुछ विस क्षेत्रों से 4-5 आवेदन मिले हैं। आवेदनों की छंटनी की प्रक्रिया 1 सितम्बर के बाद ही शुरू होगी। सूत्रों के अनुसार जो रणनीति बनी है, उसके तहत कांगे्रस विधानसभा चुनाव के लिए समय रहते प्रत्याशियों की घोषणा करना चाह रही है। ऐसे में सितम्बर माह के अंत तक प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जा सकती है। पार्टी नहीं चाहती है कि प्रत्याशियों के चयन को लेकर अंतिम समय में कोई गुटबाजी हावी हो। यदि कोई टिकट न मिलने पर बगावत करता है तो उसका भी समय रहते पता चल जाएगा। इससे पार्टी संबंधित क्षेत्र में उस अनुसार अपनी आगामी रणनीति तय कर सकती है।सोर्स- punjab kesari
Next Story





