- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- IIT मंडी में देशभर के...
IIT मंडी में देशभर के पुस्तकालय विशेषज्ञ जुटे, नई तकनीकों पर मंथन

मंडी: हिमाचल प्रदेश के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी में 22 और 23 नवंबर को 12वें वार्षिक पैन आईआईटी पुस्तकालयाध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के विभिन्न आईआईटी संस्थानों के पुस्तकालयाध्यक्षों और विशेषज्ञों ने भाग लेकर आधुनिक पुस्तकालय सेवाओं, नई तकनीकों और आपसी सहयोग पर चर्चा की।
सम्मेलन में 'एक राष्ट्र एक सदस्यता' योजना के क्रियान्वयन, शोध पत्रों के प्रकाशन शुल्क, खुली पहुंच और डिजिटल संसाधनों के उपयोग पर विशेष मंथन हुआ। विशेषज्ञों ने पुस्तकालयों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित शोध सहायता सेवाओं को विकसित करने और नई तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।
आईआईटी मद्रास के पूर्व पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. जाधव ने आधुनिक शैक्षणिक पुस्तकालयों में तकनीकी नवाचार, कर्मचारियों के कौशल विकास और स्वास्थ्य एवं कल्याण के महत्व पर व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम में AI, प्रोग्रामिंग, डेटा विश्लेषण और डिजिटल शोध उपकरणों के प्रशिक्षण को लेकर भी विचार साझा किए गए। प्रकाशकों और शोध सूचना सेवा प्रदाताओं के साथ शोध पत्र प्रकाशन शुल्क और नए डेटाबेस पर बातचीत हुई।
इसके अलावा आईआईटी पुस्तकालय संघ के गठन, संसाधनों को साझा करने और शोध सामग्री तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने आईआईटी मंडी के पुस्तकालय का भ्रमण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।





