- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- घर में घुसकर बुजुर्ग...
हिमाचल प्रदेश
घर में घुसकर बुजुर्ग महिला पर झपटा तेंदुआ, चीख-पुकार से गूंजा गांव
nidhi
8 Oct 2026 8:08 AM IST

x
62 साल की महिला पर किया हमला
शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर बुशहर क्षेत्र में तेंदुए के हमले की घटना सामने आई है। रामपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत बाहली के नेहरा गांव में मंगलवार, 6 अक्टूबर की देर रात एक तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और 62 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, घायल महिला की पहचान 62 वर्षीय खीरी देवी, पत्नी स्वर्गीय बुद्ध राम के रूप में हुई है। मंगलवार रात करीब दो बजे खीरी देवी शौचालय जाने के लिए घर से बाहर निकली थीं। जब वह वापस अपने कमरे में पहुंचीं तो वहां पहले से एक तेंदुआ मौजूद था। महिला को कमरे में तेंदुए के होने की भनक तक नहीं लगी। जैसे ही वह अंदर पहुंचीं, तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से महिला घबरा गईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की हलचल के बीच तेंदुआ वहां से भाग निकला। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
तेंदुए के हमले में खीरी देवी के सिर पर गंभीर जख्म हुए हैं। उनका खनेरी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी मामले का संज्ञान लिया। ग्राम पंचायत बाहली की प्रधान बीना मेहता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद नेहरा गांव के लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के रिहायशी मकान में घुसकर हमला करने से उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। विशेष रूप से रात के समय घर से बाहर निकलने में लोग डर महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने वन विभाग तथा स्थानीय प्रशासन से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है। उन्होंने गांव और आसपास के इलाकों में पिंजरा लगाने के साथ वन विभाग की गश्त बढ़ाने की आवश्यकता जताई है। इसके अलावा घायल महिला को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई है।
रामपुर वन विभाग के डीएफओ गुरहर्ष सिंह ने बताया कि महिला पर तेंदुए के हमले की सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। तेंदुए की तलाश की जा रही है और उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। विभाग की ओर से पीड़ित महिला को तत्काल राहत राशि दी गई है। नियमानुसार मुआवजा भी जारी किया जाएगा। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि यदि किसी को तेंदुआ दिखाई देता है तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें। नेहरा गांव में इस तरह के हमले का यह पहला मामला बताया जा रहा है। इस घटना के बाद ग्रामीण वन विभाग से जल्द सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
Next Story





