- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- हिमाचल बिलासपुर में...
हिमाचल बिलासपुर में भूस्खलन से फोरलेन जाम, यात्री डायवर्ट

HIMANCHAL हिमाचल प्रदेश। भारी बारिश के चलते बिलासपुर जिले के मंगलवाल क्षेत्र में खौफनाक भूस्खलन हुआ। कोथापना के पास हाईवे पर पहाड़ से कई टन वजनी पत्थर गिरने से किरतपुर-मनाली फोरलेन पूरी तरह से जाम हो गया। इस दौरान फोरलेन पर वाहन गुजर रहे थे, लेकिन किसी को चोट नहीं आई। भूस्खलन के कारण सड़क पर मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिर गए, जिससे कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।भूस्खलन की घटना के समय कई यात्रियों ने लाइव वीडियो रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि फोरलेन पर गाड़ियां खड़ी हैं और पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा गिर रहा है। इस घटना से स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने फौरन ट्रैफिक नियंत्रण संभाला। मनाली की ओर से आने वाले वाहनों को नौणी से डायवर्ट किया गया, जबकि पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों को स्वारघाट और कैंचीमोड़ से पुराने चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर भेजा गया। पुलिस ने बताया कि फोरलेन के समलेटू, मैहला और मंडी भराड़ी क्षेत्रों में पहले ही लैंड स्लाइड हो चुकी थी, जिसके चलते ट्रैफिक को वन-वे व्यवस्था के तहत चलाया जा रहा था। अब थापना के पास नया लैंड स्लाइड होने से स्थिति और जटिल हो गई।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस लगातार हाईवे की निगरानी कर रहे हैं। भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे जरूरी होने पर ही यात्रा करें। पीड़ितों की सुविधा के लिए पुलिस ने डायवर्ट किए गए मार्गों पर सतर्कता बढ़ाई है। भूस्खलन के चलते फोरलेन पर मलबा हटाने और सुरक्षित ट्रैफिक बहाल करने के लिए प्रशासनिक टीम और स्थानीय अधिकारियों द्वारा राहत कार्य भी शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि फोरलेन खुलने तक यात्रियों को धैर्य बनाए रखने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।





