हिमाचल प्रदेश

लखविंदर राणा ने कांग्रेस पार्टी के साथ विश्वासघात कर अपना स्वार्थ निकाला : हरदीप बावा

Shantanu Roy
18 Aug 2022 9:07 AM GMT
लखविंदर राणा ने कांग्रेस पार्टी के साथ विश्वासघात कर अपना स्वार्थ निकाला : हरदीप बावा
x
बड़ी खबर
नालागढ़। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हरदीप सिंह बावा ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने विधायक लखविंदर सिंह राणा को 18 वर्ष तक इतना मान-सम्मान दिया, उसी पार्टी के साथ विश्वासघात कर अपना स्वार्थ निकाला है। इस कदम से विधायक नालागढ़ की जनता में अपना विश्वास खो चुके हैं। नालागढ़ में पत्रकार वार्ता करते हुए हरदीप बावा ने कहा कि वर्ष 2004 से नालागढ़ कांग्रेस पर विधायक का दबदबा रहा लेकिन आज तक लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को यहां से लीड दिलाने में कामयाब नहीं हो पाए। विधायक के कारण ही पिछले चुनाव में भाजपा को यहां से 40 हजार की लीड मिली। वह 18 वर्षों तक कांग्रेस में जरूर रहे लेकिन अंदरखाते भाजपा के लिए कार्य कर कांग्रेस पार्टी को कमजोर करते रहे। नगर परिषद के चुनाव में भी अपने एक पार्षद को भगाकर भाजपा में शामिल करवाकर नप का अध्यक्ष बना दिया।
भाजपा का टिकट नहीं मिला तो कांग्रेस में शामिल हो गए
2003 में जब भाजपा का टिकट नहीं मिला तो वह कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने किसी भी पार्टी से वफादारी नहीं की। अपने स्वार्थ के लिए काम करते रहे। उन्होंने कभी भी सरकार के खिलाफ क्षेत्र की आवाज नहीं उठाई। जिस भाजपा सरकार ने ट्रक यूनियन को कमजोर करने का प्रयास किया, आज वह उसी पार्टी में शामिल होकर कौन से लोकतंत्र की बात कर रहे हैं। जब से प्रदेशाध्यक्ष ने सर्वे के अनुसार जिताऊ प्रत्याशी को टिकट देने के बात कही है तो टिकट कटने के डर से वह पहले ही भाजपा में शामिल हो गए।
जल्द ब्लॉक कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का चुनाव होगा : हुसन ठाकुर
ब्लॉक अध्यक्ष हुसन चंद ठाकुर ने कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद प्रदेशाध्यक्ष ने लखविंदर सिंह राणा को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। विधायक पार्टी पर परिवारवाद और घुटन महसूस करने का आरोप लगा रहे हैं। भाजपा ने जिला अध्यक्ष होते हुए उन्हें इतना सम्मान नहीं दिया होगा। जितना कांग्रेस ने दिया। उनके बेटे धजभंवर सिंह को एनएसयूआई काप्रदेश महासचिव बनाया। पार्टी नालागढ़ में जिसे भी टिकट देगी, सभी कार्यकत्र्ता एकजुट होकर उसके लिए कार्य करेंगे। ब्लॉक कांग्रेस की कार्यकारिणी को भंग कर जल्द ही नई कार्यकारिणी बनाई जाएगी।
Next Story