हिमाचल प्रदेश

Kullu: पर्यटकों की कार खाई में गिरी, मणिकरण घाटी में दो की मौत

Admindelhi1
13 Jun 2026 11:51 AM IST
Kullu: पर्यटकों की कार खाई में गिरी, मणिकरण घाटी में दो की मौत
x
मणिकरण घाटी में वाहन खाई में गिरा, दो की दर्दनाक मौत

कुल्लू: मणिकरण घाटी के सरसाड़ी क्षेत्र के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और पुत्री की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पर्यटक पंजाब से मणिकरण और मनाली घूमने आए थे।

जानकारी के अनुसार पंजाब के जालंधर और कपूरथला से आए पर्यटक तीन वाहनों में मणिकरण घूमने पहुंचे थे। शुक्रवार दोपहर जब वे मणिकरण से वापस लौट रहे थे, तो सरसाड़ी के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी और पार्वती नदी की ओर लुढ़क गई।

हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में जालंधर निवासी परमिंदर कुमार (47) और उनकी 19 वर्षीय पुत्री निधि की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है।

कार में सवार रितु (42), आदित्य धीमान (17) और मानव कश्यप (7) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें आदित्य और मानव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Next Story