हिमाचल प्रदेश

ऊना के डेरा बाबा रुद्रानंद धाम में कोटि गायत्री महायज्ञ संपन्न, पूर्णाहुति में पहुंचे डिप्टी CM

Admindelhi1
25 Nov 2026 1:07 PM IST
ऊना के डेरा बाबा रुद्रानंद धाम में कोटि गायत्री महायज्ञ संपन्न, पूर्णाहुति में पहुंचे डिप्टी CM
x
बाबा रुद्रानंद धाम में गूंजे जयकारे, भजन और भंडारे के साथ महायज्ञ का समापन

ऊना: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद धाम नारी में पंचभीष्म महापर्व के अवसर पर आयोजित कोटि गायत्री महायज्ञ मंगलवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। डेरा अधिष्ठाता वेदांताचार्य विद्यालंकार हेमानंद महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूर्णाहुति डाली। इस दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधायक विवेक शर्मा भी मौजूद रहे।

महायज्ञ के अंतिम दिन सुबह से ही हजारों श्रद्धालु डेरा परिसर पहुंचे। भक्तों ने अखंड धूने पर माथा टेककर हेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया। वाराणसी से आए विद्वानों ने वेद माता गायत्री की पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद दोपहर करीब सवा 12 बजे विधि-विधान से महायज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न हुई।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि डेरा बाबा रुद्रानंद धाम उत्तर भारत का प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र है। उन्होंने महायज्ञ में आहुति देकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

आयोजन में लोक गायक करनैल राणा की भजन संध्या आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, देसी घी से तैयार खिचड़ी के विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जिसमें करीब 3 हजार लोगों की स्वास्थ्य जांच कर मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। सेवादारों और भूतपूर्व सैनिकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।

Next Story