हिमाचल प्रदेश

भूस्खलन के कारण कालका शिमला हाईवे फिर बंद हो गया

Sonam
12 Aug 2023 6:05 AM GMT
भूस्खलन के कारण कालका शिमला हाईवे फिर बंद हो गया
x

भूस्खलन होने से कालका शिमला एनएच देर रात से फिर बंद हो गया है। इससे हाईवे पर लंबा जाम लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि चक्की मोड़ के पास भूस्खलन हुआ है। वहीं कांगू में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सड़क धसने के कारण दुर्घटना का शिकार हो गई।

जानकारी के अनुसार, बस 31-1315 सुंदरनगर शिमला रूट पर जा रही थी। रास्ते में कांगू के पास सड़क अचानक क्षतिग्रस्त होने के कारण चार यात्री घायल हो गए और अन्य को मामूली चोटें आईं हैं। बस में कल 12 यात्री सवार थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच शुक्रवार शाम तक 302 सड़कों पर आवाजाही ठप रही। 989 बिजली ट्रांसफार्मर और 47 पेयजल योजनाएं भी बंद हैं। भूस्खलन होने से कालका-शिमला नेशनल हाईवे आठ घंटे बंद रहा। दोपहर को छोटे वाहनों के बाद शाम को बसों की आवाजाही भी एनएच से शुरू हो गई है। हालांकि, रात को सोनू बंगला में भूस्खलन के कारण हाईवे फिर बंद हो गया। वहीं, चंडीगढ़-मनाली, शिमला-धर्मशाला, मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर भी शुक्रवार को दिन भर यातायात बाधित होता रहा।

एनएच चंडीगढ़-मनाली पर सुबह और दोपहर को करीब दो घंटों तक छह मील, नौ मील और आठ मील के पास मलबा और चट्टानें आने के चलते यातायात बंद रहा। दोपहर बाद मार्ग बहाल हुआ। मंडी-पठानकोट एनएच अपरोच रोड के नजदीक भूस्खलन से सड़क पर पेड़ व मलबा गिर जाने से करीब एक घंटे तक बंद रहा। बिलासपुर में वीरवार देर रात हुई भारी बारिश से धर्मशाला-शिमला राजमार्ग पर मंगरोट पर भूस्खलन से होने से सड़क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया था।

Sonam

Sonam

    Next Story