- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- घुसपैठियों के मुद्दे...
घुसपैठियों के मुद्दे पर कांग्रेस की मंशा पर जयराम ठाकुर ने उठाए सवाल

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे घुसपैठियों के समर्थन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची हर देशवासी का अधिकार है और इसका संवैधानिक तरीके से शुद्धिकरण होना चाहिए।
शिमला से जारी बयान में वीरवार को जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल पैदा कर सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास पर धावा बोलने से नहीं, बल्कि चुनाव जीतने से ही सत्ता हासिल की जा सकती है। उनके अनुसार, कांग्रेस झूठ और अफवाहों के सहारे लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, लेकिन देश की जनता उसके इरादों को समझ चुकी है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने नेताओं को आगे बढ़ाने के लिए देश की शांति और व्यवस्था से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत एक प्राचीन सभ्यता वाला देश है और यहां की जनता किसी भी सूरत में अराजकता तथा सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान को बर्दाश्त नहीं करेगी।
जयराम ठाकुर ने कैंसर रोधी 397 दवाओं की कीमतों में 93 प्रतिशत तक की कमी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कैंसर का इलाज मरीजों के साथ उनके परिवारों पर भी भारी आर्थिक बोझ डालता है। दवाओं की कीमतों में कमी से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जन औषधि केंद्रों, आयुष्मान भारत योजना और कैंसर की दवाओं पर सीमा शुल्क में राहत जैसे कदमों से स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ हुई हैं। केंद्र सरकार ने कैंसर उपचार सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला अस्पतालों में अगले तीन वर्षों में 200 डे-केयर कैंसर केंद्र स्थापित करने की घोषणा भी की है। उन्होंने इन पहलों को जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।





