हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में विकास कार्य ठप करने का आरोप, जयराम ठाकुर ने घेरा सरकार को

Admindelhi1
20 Oct 2026 11:30 AM IST
हिमाचल में विकास कार्य ठप करने का आरोप, जयराम ठाकुर ने घेरा सरकार को
x
विकास कार्यों में रुकावट को लेकर सुक्खू सरकार पर बरसे जयराम ठाकुर

धर्मशाला: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शाहपुर में सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे 'लोनप्रिय' करार देते हुए कहा कि राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने यह आरोप सोमवार को शाहपुर में आयोजित नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए लगाए।

जय राम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री कुर्सी बचाने के लिए दिल्ली दौड़े रहते हैं। कर्ज का बोझ 1 लाख 20 हजार करोड़ तक पहुंच गया है। विकास कार्यों पर पूरी तरह विराम लगाकर और संस्थानों पर तालाबंदी करके 'लोकप्रिय' होने का दावा करने वाली ये कांग्रेस सरकार अब पूरी तरह लोनप्रिय' बनकर रह गई है। राज्य की वित्तीय स्थिति लगातार बिगड़ रही है और बेहिसाब कर्ज लिया जा रहा है। पिछली छह सरकारों ने मिलकर भी उतना ऋण नहीं लिया था, जितना 'व्यवस्था परिवर्तन' का नारा देने वाली सुक्खू सरकार ने इतने बेहद कम समय में ले लिया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब पूरे हिमाचल प्रदेश में विकास कार्य ठप्प पड़े हैं, तो आखिर यह सारा पैसा कहां जा रहा है। भाजपा शुरू से ही कह रही है कि यहां सरकार मंत्री नहीं मित्र चला रहे हैं। इन्हीं मित्रों के घर भरे जा रहे हैं। हर विभाग में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जहां बधाई दी वहीं ग्रामीण विकास व जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान भी किया। उन्होंने पंचायत चुनावों के दौरान सुक्खू सरकार द्वारा चुनाव रोकने के प्रयासों का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे भाजपा ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी और लोकतंत्र व जनता की ताकत के सामने मुख्यमंत्री की एक नहीं चली, जिससे पंचायत चुनावों के परिणामों में कांग्रेस सरकार के प्रति प्रदेश के लोगों का रुख पूरी तरह साफ हो गया है।

Next Story