हिमाचल प्रदेश

जयराम-सुक्खू ने दिल्ली के लिए एक साथ भरी उड़ान, अगल-बगल की सीट पर नजर आए दोनों नेता

Shantanu Roy
21 Nov 2022 9:33 AM GMT
जयराम-सुक्खू ने दिल्ली के लिए एक साथ भरी उड़ान, अगल-बगल की सीट पर नजर आए दोनों नेता
x
बड़ी खबर
शिमला। विधानसभा चुनाव परिणाम आने से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश की सियासत में रोजाना नए दृश्य और किस्से देखने-सुनने को मिल रहे हैं। रविवार को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश कांग्रेस विधानसभा चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए एक ही जहाज में उड़ान भरी। इस दौरान दोनों नेता अगल-बगल की सीट पर नजर आए। दोनों नेताओं की तस्वीर एक साथ सामने आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। सोशल मीडिया में इसको लेकर कई तरह की टिप्पणियां भी की गईं। हों भी क्यों न क्योंकि एक मौजूदा सीएम है तथा दूसरे कांग्रेस पार्टी की तरफ से सीएम पद के दावेदार नेताओं में से हैं, ऐसे में दोनों नेताओं का एक साथ नजर आना सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाओं को हवा दे रहा है।
रोड शो में भाग लेने दिल्ली गए हैं जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नगर निगम दिल्ली (एमसीडी) चुनाव रोड शो में भाग लेने गए हैं, जिसके लिए भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी वहां पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री दिल्ली में उन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार करेंगे, जहां हिमाचली लोगों की संख्या अधिक है। ऐसे में वह वहां के लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे। मुख्यमंत्री इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करके विधानसभा चुनाव का फीडबैक दे सकते हैं।
चुनाव प्रचार के साथ हाईकमान से मिलेंगे सुक्खू
प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू एमसीडी चुनाव प्रचार के अलावा पार्टी आलाकमान से मिलने के लिए दिल्ली गए हैं। इस दौरान वह विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान का फीडबैक भी देंगे। उनके कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित अन्य नेताओं से मुलाकात करने की संभावना है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी दिल्ली रवाना
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी दिल्ली के लिए रवाना हो गई हैं। यानी एक के बाद एक करके कांग्रेस नेताओं के दिल्ली जाने और पार्टी आलाकमान से मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। वह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा सहित अन्य नेताओं से मुलाकात करके विधानसभा चुनाव का फीडबैक दे सकती हैं। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव जीतने की स्थिति में निर्वाचित विधायकों व पार्टी आलाकमान की सहमति से प्रतिभा सिंह भी मुख्यमंत्री पद का चेहरा हो सकती हैं।
Next Story